जगदलपुर(ईएमएस)। बस्तर की जीवनरेखा इंद्रावती नदी को बचाने के लिए कांग्रेस ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। आज 30 अप्रैल, इंद्रावती बचाओ पदयात्रा के अंतिम दिन बस्तर कलेक्ट्रेट का ऐतिहासिक घेराव किया जाएगा। इस आंदोलन की अगुवाई खुद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज कर रहे हैं। तीन दिन से चित्रकोट से चल रही पदयात्रा आज अपने अंतिम मुकाम पीजी कॉलेज मैदान से निकलकर कलेक्ट्रेट पहुंचने वाली है, जहां प्रशासन को जगाने का प्रयास किया जाएगा। इस आंदोलन को लेकर पूरे बस्तर में जबरदस्त उत्साह और आक्रोश का माहौल है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य और ग्रामीण अध्यक्ष प्रेम शंकर शुक्ला ने सभी कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, किसानों और आम नागरिकों से दोपहर 2 बजे पीजी कॉलेज मैदान में जुटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ये सिर्फ एक नदी का सवाल नहीं है, यह बस्तर के भविष्य की लड़ाई है। इंद्रावती के बिना बस्तर की कल्पना अधूरी है। अब चुप बैठने का वक्त नहीं, पूरे बस्तर को एक सुर में उठना होगा। सुशील मौर्य इस महाघेराव में विधायक, पूर्व विधायक, महापौर, ब्लॉक अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, से लेकर NSUI, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवा दल और तमाम प्रकोष्ठों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में भाग लेंगे। यह केवल विरोध नहीं, जन सरोकारों की आवाज़ है। विगत वर्षों में इंद्रावती नदी के जलस्तर में भारी गिरावट आई है। निर्माण कार्यों, रेत खनन और सरकारी उपेक्षा के चलते बस्तर की यह पवित्र नदी संकट में है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार आंखें मूंदे बैठी है और आने वाली पीढ़ियों के जलस्रोत को अनदेखा कर रही है। ईएमएस(संजय कुमार जैन)30अप्रैल 2025