राज्य
29-Apr-2025


९३३ जोडें थामेंगे एक दूजे का हाथ, ११ जोड़ों का होगा निकाह, सुबह ८ बजे दशहरा मैदान से निकलेगी बारात छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर शासन द्वारा मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। समारोह का आयोजन डीडीसी कॉलेज में किया जा रहा है। जिसकों लेकर नगर निगम द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। कार्यक्रम के एक दिन पहले ही निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं विवाह स्थल पर जो खामियां नजर आई उसे तत्काल दूर करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस बार विवाह सम्मेलन में कुल ९३३ जोड़ें एक दूजे का हाथ थामेंगे। इन जोड़ों में ११ मुस्लिम समुदाय के जोड़ों भी शामिल है । जिनका निकाय मुस्लिम पद्धत्ति से होगा। कार्यालय अधीक्षक मोहन नागदेव ने बताया है कि विवाह सम्मेलन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। सुबह ८ बजे स्थानीय पोलाग्राउंड से बारात विवाह स्थल डीडीसी कॉलेज के लिए रवाना होगी। निगम की ओर से दूल्हे-दुल्हनों को जयमाला दी जाएगी। दुल्हनों को चुनरी भेंट की जाएगी तो वहीं दूल्हों के लिए घोड़ी और बग्घी का इंतजाम किया गया है। विवाह पंडितोंं द्वारा मंत्रोच्चारण कर विवाह संपन्न कराया जाएगा। बारात में बैंड बाजे, दूल्हों को घोड़ी-बग्घी की व्यवस्था की गई है। विवाह मंडप पर करीब 50 हजार लोगों के लिए भोजन का इंतजाम किया गया है। इस विवाह में सांसद बंटी साहू, महापौर विक्रम अहके, निगम आयुक्त सीपी राय, उपायुक्त ईश्वर सिंह चंदेली समेत अन्य अतिथि उपस्थित होंगे। ४९ हजार का दिया जाएगा चेक शासन द्वारा योजना के तहत पहले दूल्हा दुल्हन को उपहार स्वरूप सामग्री दी जाती थी। लेकिन इसमें सामग्री उचित ना मिलने के आरोप के बाद व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब शासन द्वारा दुल्हा-दुल्हन को चेक के माध्यम से राशि प्रदान की जाएगी। इस बार जोड़ों को विवाह उपरांत ४९ हजार का चेक दिया जाएगा। ताकि दुल्हा दुल्हन अपने जरूरत की सामग्री स्वयं खरीद सके। दशहरा मैदान से निकलेगी बारात सामूहिक विवाह सम्मेलन के लिए बारात सुबह ८ बजे दशहरा मैदान से निकलेगी। दुल्हों के लिए निगम द्वारा ८ घोड़ों व ८ बग्गी की व्यवस्था की गई है। अन्य दुल्हों के लिए भी वाहन आदि की व्यवस्था की गई है। वहीं विवाह के लिए इस बाद ३०० बेदी तैयार की गई है। जिसमें सम्पूर्ण रीति रिवाद से विवाह संपन्न करवाया जाएगा। सुबह 09.30 प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का जोड़ो से संवाद कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। मंगलवार को कार्यक्रम की तैयारियों को देखने कलेक्टर शीलेंद्र सिंह और नगर निगम आयुक्त चंद्रप्रकाश राय अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। जहां उन्होंने सारी तैयारियों का जायजा लिया। ईएमएस / 29/04/2025