राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुघ, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति ने किया संबोधित भोपाल(ईएमएस)। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुघ, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति ने संविधान निर्माता, भारत रत्न, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान के अंतर्गत भोपाल जिला द्वारा आयोजित विचार संगोष्ठी को संबोधित किया। संगोष्ठी में भाजपा प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, हरिशंकर खटीक एवं शरदेंदु तिवारी, महापौर श्रीमती मालती राय, विधायक श्रीमती मनीषा सिंह, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कैलाश जाटव, भोपाल नगर जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति उपस्थित रहे। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण चुघ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बाबा साहब का इतना अपमान करती थी कि उनका नाम न आए, इसलिए 26 नवंबर 1949 की तारीख को भुला दिया। 26 नवंबर 1949 वह तारीख है, जिस दिन बाबा साहब डॉ. भीमराम अंबेडकर के नेतृत्व में संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया। संविधान को अंगीकृत करने की जब 25वीं वर्षगांठ मनाया जाना था, तब वर्ष 1975 में कांग्रेस की दूसरी पीढ़ी की श्रीमती इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लगाकर संविधान को ही निलंबित कर दिया था। देश में आपातकाल लगाने वाली कांग्रेस आज संविधान बचाने का ढोंग कर रही है। संविधान बचाने का प्रयास करने वाले 1 लाख लोकतंत्र सेनानियों को आपातकाल में जेल में डाल दिया गया था। बाबा साहब कभी कांग्रेस के सदस्य के रूप में जवाहरलाल नेहरू के मंत्रिमंडल में नहीं थे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस पार्टी और उसके नेता तुष्टिकरण व वर्ग विशेष को लाभ पहुंचाने संविधान को कुचलते रहे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, बाबा साहब के विचारों को जमीन पर उतार रहे हैं। बाबा साहब ने सशक्त भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया है। बाबा साहब के विचारों के आधार पर भारतीय रिजर्व बैंक, वित्त आयोग का गठन हुआ। भोपाल जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति ने कहा कि समाज के वंचित और पिछड़े तबके को सम्मान दिलाने तथा उन्हें मुख्यधारा में लाने के लिए बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने अपना जीवन समर्पित कर दिया। भारत के संविधान का निर्माण कर उन्होंने देश को एकसूत्र में बांधने के साथ ही समाज के हर वर्ग के उत्थान का महत्वपूर्ण काम किया। दुर्भाग्य की बात है कि बाबा साहेब के विचारों और कार्यों का कांग्रेस ने शुरु से ही विरोध किया है। तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली कांग्रेस सरकार ने बाबा साहेब डॉ अंबेडकर द्वारा बनाये संविधान में कई बार संशोधन किये। वहीं, आपातकाल लगाकर कांग्रेस ने संविधान की आत्मा पर भी प्रहार किया। यति ने कहा कि बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए भाजपा अंबेडकर सम्मान अभियान चला रही है। उनके विचारों को आत्मसात करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार समेत हर क्षेत्र में समावेशी विकास और हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। संगोष्ठी को महापौर श्रीमती मालती राय ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया जिसका सामूहिक वाचन किया गया। संगोष्ठी का संचालन शंकर मकोरिया ने किया एवं आभार हरिओम ओसारी ने माना। इस दौरान इंद्रजीत राजपूत, महेश मकवाना सहित जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे। हरि प्रसाद पाल / 29 अप्रैल, 2025