राष्ट्रीय
29-Apr-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने आज मंगलवार को लंदन में भारत-यूके व्यापार गोलमेज बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत और यूनाइटेड किंगडम (यूके) के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने की जरूरत है। गोयल ने निवेश के नए अवसरों और इनोवेशन-आधारित विकास की संभावनाओं पर जोर दिया। इस बैठक में दोनों देशों के बड़े व्यापारिक नेताओं और सीईओ ने भाग लिया। पीयूष गोयल फिलहाल पांच दिवसीय विदेशी दौरे पर हैं। इस दौरान वे लंदन (यूके), ओस्लो (नॉर्वे) और ब्रुसेल्स (यूरोपीय संघ) की यात्रा कर रहे हैं। इस दौरे का उद्देश्य भारत के व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करना है। गोयल ने लंदन यात्रा की शुरुआत में यूके के बिजनेस एंड ट्रेड सेक्रेटरी जे. रेनॉल्ड्स से मुलाकात की। उन्होंने इस बैठक को “उपयोगी” बताया और कहा कि यह भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह समझौता 26 अध्यायों में बंटा है, जिसमें वस्तुएं, सेवाएं, निवेश और बौद्धिक संपदा अधिकार शामिल हैं। भारत और यूके जल्द से जल्द इसे पूरा करना चाहते हैं, क्योंकि अमेरिका की ओर से टैरिफ बढ़ाए जाने के कारण वैश्विक व्यापार में चुनौतियां बढ़ सकती हैं। गोयल ने लंदन में डी बीयर्स ग्रुप के सीईओ एल कुक और उनकी टीम से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने रत्न और आभूषण उद्योग में भारत की भूमिका, टिकाऊ प्रथाएं और विकास की संभावनाओं पर चर्चा की। इसके अलावा, उन्होंने रेवोल्ट के चेयरपर्सन मार्टिन गिल्बर्ट से भी मुलाकात की और भारत के फिनटेक सेक्टर में वैश्विक साझेदारी की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के सहयोग से भारत में नवाचार और विकास को गति मिलेगी। सुबोध\२९\०४\२०२५