:: जो चौराहे पाश एरिया में वहां लग गए छाया के लिए पतरे, बाकी पूरा शहर परेशान :: :: सिग्नल टाइम भी कम नहीं किया गया :: इन्दौर (ईएमएस)। इस भीषण गर्मी में परेशान हो रहे आम आदमी की जरूरतों को पूरा करने में प्रशासन अक्षम सिद्ध हुआ है। शहर में शीतल जल के प्याऊ की व्यवस्था निगम की ओर से नहीं की गई है। वहीं कुछ चौराहों को छोड़कर छाया के लिए नेट भी नहीं लगाई गई है। व्यस्त चौराहों पर सिग्नल का टाइम भी कम नहीं किया गया है जिसके चलते दुपहिया वाहन चालक परेशान है। संस्था सरोकार के संयोजक रामस्वरूप मूंदड़ा, सर्वेश खंडेलवाल एवं विनोद गुप्ता ने बताया कि भीषण गर्मी के चलते आम जनता हलकान है। शहर में ना तो निगम प्रशासन द्वारा और ना ही धार्मिक संस्थानों द्वारा प्याऊ का प्रबंध किया गया है जिसके चलते आम आदमी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निगम ने ठंडे पानी के लिए कंटेनरों का टेंडर भी हाल ही में किया है जो अब गर्मी बाद ही सप्लाई होंगे। सामाजिक धार्मिक संस्थाएं भी इस बार प्याऊ हेतु आगे नहीं आई है। इसी तरह निगम द्वारा चौराहों पर जो पतरे लगाए गए हैं वे केवल पाश लोकेशन में ही कंपनियों ने लगाए हैं। बाकी पूरा शहर सिग्नल की अत्यधिक टाइमिंग के कारण परेशान है। ट्राफिक विभाग को भी चाहिए कि सिग्नल की टाइमिंग कम करें ताकि आम जनता को ज्यादा देर तक चौराहों पर गर्मी नहीं झेलनी पड़े। उमेश/पीएम/29 अप्रैल 2025 संलग्न चित्र - इन्दौर। चित्र दोपहर 3:00 बजे इन्दौर के एम.जी. रोड़ पर प्रेस क्लब के पास लिया गया है।