अंतर्राष्ट्रीय
29-Apr-2025


-कहा- ट्रंप को हटाना जरुरी, अब और इंतजार अमेरिका के लोकतंत्र के लिए खतरा वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भले ही दावा कर रहे हैं कि वह अमेरिका ही नहीं पूरी दुनिया को चला रहे हैं और उन्हें काफी मजा आ रहा है...लेकिन ट्रंप के आदेशों और कदमों ने कांग्रेसियों को परेशान कर दिया है। भारतीय मूल के अमेरिकी कांग्रेसी थानेदार ने ट्रंप के खिलाफ महाभियोग के सात प्रस्ताव पेश किए हैं। उन्होंने ट्रंप पर सत्ता के दुरुपयोग, तानाशाही रवैये और अमेरिकी संविधान के गंभीर आरोप लगाए हैं। थानेदार ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि मैंने राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पेश किया है। ट्रंप के हमले न्याय प्रक्रिया, जन्मसिद्ध नागरिकता, मानवीय सहायता और अदालतों पर सीधा हमला है। अब बहुत हो चुका है- कांग्रेस को अब ट्रंप को हटाने की तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए। महाभियोग प्रस्तावों में थानेदार ने ट्रंप के खिलाफ जिन मामलों का जिक्र किया है, उनमें न्याय प्रक्रिया का उल्लंघन और अवैध निर्वासन, न्याय विभाग का दुरुपयोग, सरकारी दक्षता विभाग की अवैध स्थापना, जिसमें एलन मस्क को कथित तौर पर असंवैधानिक शक्तियां दी गईं, मीडिया और आलोचकों के खिलाफ प्रतिशोधात्मक कार्रवाई, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला, भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के आरोप और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टैरिफ और सैन्य धमकियों के जरिये आक्रामकता शामिल हैं। थानेदार ने कहा कि अब और इंतजार करना अमेरिका के लोकतंत्र के लिए खतरा हो सकता है। रिपब्लिकन पार्टी का कांग्रेस में बहुमत होने के कारण इस महाभियोग प्रस्ताव के आगे बढ़ने की संभावना कम है। दक्षिण भारत में जन्मे थानेदार 1979 में पीएचडी के लिए यूनिवर्सिटी ऑफ एक्रॉन आए थे। छात्र जीवन में उन्होंने क्लीनर की नौकरी की। 1988 में उन्हें अमेरिकी नागरिकता मिली। उन्होंने कंपनियों की स्थापना की और तीन बार अवार्ड भी जीता। 2018 में गवर्नर पद की दौड़ में रहे और 2022 में डिट्रॉयट क्षेत्र से अमेरिकी कांग्रेस में निर्वाचित हुए। थानेदार आज भारतीय-अमेरिकी समुदाय की ओर से अमेरिकी राजनीति में एक उभरते हुए प्रभावशाली नेता के तौर पर देखे जाते हैं। सिराज/ईएमएस 29अप्रैल25