मुंबई, (ईएमएस)। कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद महाराष्ट्र सरकार ने पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए महाराष्ट्र पर्यटन सुरक्षा बल (पर्यटन मित्र) की स्थापना करने का निर्णय लिया है। इसमें पर्यटकों की सुरक्षा, प्राकृतिक संसाधन, पर्यटन क्षेत्र में बढ़ते अवसर और सांस्कृतिक विविधता पर विचार किया जाता है। पर्यटन मंत्री शंभूराज देसाई ने कहा कि इस उद्देश्य के लिए महाराष्ट्र पर्यटन सुरक्षा बल (पर्यटन मित्र) की स्थापना करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि 1 से 4 मई, 2025 तक सतारा जिले के महाबलेश्वर में पर्यटन महोत्सव आयोजित किया जाएगा। पर्यटन मंत्री शंभुराज देसाई ने बताया कि इस महोत्सव के दौरान महाराष्ट्र पर्यटन सुरक्षा बल को पायलट आधार पर लॉन्च किया जाएगा। साथ ही, महाराष्ट्र राज्य सुरक्षा महामंडल द्वारा सातारा जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के माध्यम से 25 कर्मियों की नियुक्ति की जाएगी। इन कर्मियों को पर्यटकों की सुरक्षा के लिए आवश्यकतानुसार प्रशिक्षित भी किया जाएगा। महाराष्ट्र पर्यटन सुरक्षा बल 25 अप्रैल से 31 अगस्त, 2025 तक कार्यरत रहेगा। इसका खर्च महाराष्ट्र पर्यटन विकास निगम द्वारा वहन किया जाएगा। संजय/संतोष झा- २९ अप्रैल/२०२५/ईएमएस