देहरादून (ईएमएस)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नवीन जोशी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने संसद में दो बार प्रदेश में हो रहे अवैध खनन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था, फिर भी आज उत्तराखंड में अवैध खनन बेलगाम होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक को अवैध खनन की ट्राॅली खुद ही पकड़नी पड़ रही है जो चिंता का विषय है। इस अवसर पर नवीन जोशी ने कहा कि ताजा मामला नवाबगंज का है, जहां भारतीय जनता पार्टी के विधायक मुन्ना सिंह चैहान को खुद सड़क पर उतरकर अवैध खनन से भरी ट्रॉली पकड़नी पड़ी। जोशी ने कहा है कि यह घटना प्रदेश में कानून व्यवस्था की पूरी तरह विफलता को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि जिनका काम कानून लागू करना था और पुलिस और प्रशासन वह या तो निष्क्रिय हैं या सत्ता संरक्षण में अवैध खनन को बढ़ावा दे रहे हैं। जोशी ने कहा है कि भाजपा के ही विधायक को जब स्वयं अवैध खनन रोकना पड़े, तो इससे बड़ी विडंबना और सरकार की विफलता और कोई नहीं हो सकती है। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपने ही विधायकों की आँखों के सामने प्रदेश को लुटवा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह भ्रष्ट और निष्क्रिय हो चुका है। उन्होंने कहा कि धड़ल्ले से हो रहे अवैध खनन से न केवल पर्यावरण को भारी नुकसान पहुँच रहा है, बल्कि सरकार की मिलीभगत भी स्पष्ट हो गई है। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/28 अप्रैल 2025