लखनऊ (ईएमएस)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों के परिवारों को दस-दस करोड़ रुपये देकर मदद करे और परिवार के लोगों को सरकारी नौकरी दे। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी विफलता छिपाने के लिए दूसरों को बदनाम कर रही है। इस सरकार में भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। सपा मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि देश जानना चाहता है कि आतंकी पहलगाम पहुंचे कैसे? इस देश का बच्चा-बच्चा जान गया है कि सरकार की विफलता से जम्मू-कश्मीर में इतनी बड़ी घटना हुई है। सरकार ने पर्यटकों की सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए थे। घटना के बाद घायलों को समय से मदद नहीं मिली। अब तो जनता पहलगाम के साथ पुलवामा की भी चर्चा कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने संस्थाओं को कमजोर किया है। संस्थाओं में बैठे भ्रष्ट अधिकारियों पर दबाव बनाकर भाजपा के लोग अन्याय करा रहे हैं। भाजपा सरकार ने यूपी में दूसरे राज्यों के अधिकारी लगाए हुए हैं। ये सब प्रदेश में भ्रष्टाचार कर यहां का पैसा ले जाकर अपने राज्यों में निवेश कर रहे हैं। पिछले दिनों पता चला था कि उत्तराखंड में कई सौ करोड़ रुपया पकड़ा गया था। एक अधिकारी ने 40 से ज्यादा फ्लैट खरीदे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में इतना भ्रष्टाचार है कि लखीमपुर खीरी में पानी की टंकी भ्रष्टाचार का भार नहीं सह पाई और फट गई। सीएम को इस भ्रष्टाचार की जानकारी ही नहीं दी गई। जितेन्द्र 28 अप्रैल 2025