जयपुर (ईएमएस)। पत्नी कौशल जोशी के निधन के बाद पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता महेश जोशी को 4 दिन की अंतरिम जमानत मिली है। जयपुर के हॉस्पिटल में कौशल जोशी भर्ती थीं। सोमवार सुबह उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 900 करोड़ के जल जीवन मिशन घोटाले के मामले में कांग्रेस नेता जोशी को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 24 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। आज (सोमवार) उनकी रिमांड अवधि खत्म हो रही थी। जोशी को पीएमएलए मामलों की विशेष अदालत में पेश किया गया था। सुनवाई के बाद कोर्ट ने जेल भेज दिया था। तभी सूचना मिली की जोशी की पत्नी का निधन हो गया। इस पर जोशी के वकील ने कोर्ट के सामने अंतरिम जमानत की अर्जी लगाई। कोर्ट ने सुनवाई कर 4 दिन की अंतरिम जमानत दे दी। बताया जाता है कि पहले उन्हें कुछ घंटे के लिए जेल भेजा गया है। इसके बाद उन्हें जमानत दी जाएगी। महेश जोशी की पत्नी कौशल लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रही थीं। बीते दिनों किडनी फेलियर होने के साथ ही ब्रेन हेमरेज हो गया था। इसके कारण उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। इससे पहले किडनी और दूसरे ऑर्गन्स में प्रॉब्लम के चलते लंबे समय तक एसएमएस हॉस्पिटल में भी भर्ती रही थीं। जेजेएम घोटाले में अब तक पीयूष जैन, पदम चंद जैन, महेश मित्तल और संजय बड़ाया की गिरफ्तारी हो चुकी है। आशीष दुबे / 28 अप्रैल 2025