मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड की प्रेम त्रिकोण वाली कहानियों के दर्शक दीवाने हैं। ऐसी फिल्म में दर्शकों को हमेशा ऐसे किस्सों में दिलचस्पी रही है, जहां दो लोगों के बीच एक तीसरे की एंट्री से भावनाओं का जाल और उलझता है। यही वजह है कि मेकर्स इन कहानियों को बार-बार पर्दे पर लाते हैं और अधिकतर बार उन्हें बॉक्स ऑफिस पर सफलता भी मिलती है। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म मेरे हसबैंड की बीवी ने इसी थीम को फिर से ताजा किया। मेरे हसबैंड की बीवी इस साल फरवरी में सिनेमाघरों में आई। फिल्म में अर्जुन कपूर, भूमि पेडनेकर और रकुल प्रीत सिंह की तिकड़ी नजर आई। कहानी में अर्जुन, अपनी पहली पत्नी भूमि से तलाक के बाद रकुल से प्यार करने लगते हैं। लेकिन ट्विस्ट तब आता है जब भूमि अपनी याददाश्त खो बैठती हैं और भूल जाती हैं कि तलाक हो चुका है। अर्जुन दोनों के बीच उलझ जाता है और यही टकराव फिल्म की जान बनता है। ऐसी ही प्रेम त्रिकोण पर आधारित एक और शानदार फिल्म थी बाजीराव मस्तानी, जिसमें रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा ने प्रमुख भूमिकाएं निभाईं। मराठा पेशवा बाजीराव का दिल मस्तानी पर आ जाता है, जबकि वह पहले से काशीबाई के पति होते हैं। फिल्म में प्यार, बलिदान और संघर्ष की गहराई को खूबसूरती से दिखाया गया। करण जौहर की स्टूडेंट ऑफ द ईयर भी इस लिस्ट में शामिल है। दो बेस्ट फ्रेंड्स अभिमन्यु और रोहन एक ही लड़की शनाया से प्यार करने लगते हैं, जिससे उनकी दोस्ती में दरार आ जाती है। इसी तरह फिल्म कुछ कुछ होता है में भी दोस्ती और प्यार के बीच की उलझन को दर्शाया गया, जहां अंजलि राहुल से प्यार करती है, लेकिन राहुल को टीना से प्रेम हो जाता है। कॉकटेल फिल्म में भी यही कहानी सामने आती है, जहां सैफ अली खान का किरदार दो दोस्तों दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी के बीच उलझ जाता है। शुरुआत में वह वेरोनिका से प्यार करता है, लेकिन धीरे-धीरे मीरा की ओर आकर्षित हो जाता है। सुदामा/ईएमएस 28 अप्रैल 2025