मॉस्को(ईएमएस)। रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन रोकने को तैयार नहीं हैं। खुद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने पुतिन पर यह आरोप लगाया कि वह युद्ध रोकना नहीं चाहते। उधर, रूस की सेना का कहना है कि उसने देश के पश्चिमी कुस्र्क क्षेत्र पर पूरा नियंत्रण वापस पा लिया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि कुस्र्क क्षेत्र में यूक्रेन की सभी कोशिशें पूरी तरह असफल हो गई हैं। रूस के शीर्ष सैन्य कमांडर वालेरी गेरासिमोव ने कहा कि यूक्रेनी सैनिकों के कब्जे में बचा आखिरी गांव भी अब फिर से हासिल कर लिया गया है। यह आठ महीने पहले यूक्रेन के अचानक हमले के बाद हुआ है। गेरासिमोव ने यह भी दावा किया कि कुस्र्क क्षेत्र में 76,000 से अधिक यूक्रेनी सैनिक मारे गए या घायल हुए हैं। हालांकि इस दावे की पुष्टि नहीं हो सकी है। यूक्रेन ने इस दावे को खारिज कर दिया है। यूक्रेन का कहना है कि उसके सैनिक अब भी रूसी सीमा क्षेत्र में ऑपरेशन कर रहे हैं, और उसने मॉस्को के दावों को प्रोपेगैंडा बताया है। बीते कुछ महीनों में यूक्रेनी सेना को कुस्र्क क्षेत्र में भारी दबाव का सामना करना पड़ा है। यहां 70 हजार रूसी सैनिक और भारी ड्रोन हमलों की वजह से यूक्रेनी सेना को पीछे हटना पड़ा है। रूस इस क्षेत्र को फिर से हासिल करने के लिए बड़ा अभियान चला रहा है। अमेरिका स्थित थिंक-टैंक इंस्टिट्यूट फॉर द स्टडी ऑफ वॉर ने रिपोर्ट में कहा है कि रूसी बलों ने हाल ही में कुस्र्क ओब्लास्ट (क्षेत्र) में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास बढ़त बनाई है, ताकि यूक्रेनी सैनिकों को उनके आखिरी बचे इलाकों से बाहर निकाला जा सके। उत्तर कोरियाई सैनिक दे रहे रूस का साथ पुतिन के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान रूसी कमांडर वलेरी गेरासिमोव ने कहा कि कुस्र्क क्षेत्र के आखिरी गांव गोर्नल को यूक्रेनी सेना से मुक्त करा लिया गया है। गेरासिमोव ने रूसी जवाबी हमले के दौरान उत्तर कोरियाई सैनिकों की हिम्मत की भी तारीफ की। पहली बार है जब रूस ने सेना में उत्तर कोरियाई सैनिकों के शामिल होने को स्वीकार किया है। इसके जवाब में पुतिन ने गेरासिमोव से कहा कि यूक्रेन की कोशिशें पूरी तरह से विफल हो गया है। पुतिन ने दावा किया कि इससे रूस को अन्य मोर्चों पर आगे बढऩे का रास्ता मिलेगा। रूस की सेना का कहना है कि उसके सैनिक अब यूक्रेन के उत्तर-पूर्वी सूमी की कई बस्तियों को भी कंट्रोल में ले चुके हैं, जो कुस्र्क के पास स्थित है। विनोद उपाध्याय / 27 अप्रैल, 2025