अहमदाबाद (ईएमएस)| मई महीने के शुरू होने से पहले भीषण गर्मी कहर बरपाने लगी है| अगले 24 घंटों में राज्य के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक इजाफा होने का मौसम विभाग के पूर्वानुमान है| इसके परिणामस्वरूप अधिकांश क्षेत्रों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस को पार करने की संभावना है। मौसम विभाग ने 2 मई तक विशेषकर अहमदाबाद में भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि 2 मई तक अहमदाबाद में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच जाएगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 27 अप्रैल से 2 मई 2025 तक गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ के कुछ हिस्सों में तापमान 40-44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हालांकि, मौसम विभाग ने इस दौरान राज्य में लू चलने की कोई चेतावनी जारी नहीं की है। गुजरात में भुज में तापमान 41 डिग्री, कांडला एयरपोर्ट में 42 डिग्री, अमरेली में 41 डिग्री, सुरेंद्रनगर में 43 डिग्री, राजकोट में 43.2 डिग्री, अहमदाबाद में 42 डिग्री, डीसा में 41 डिग्री, गांधीनगर में 41 डिग्री और वल्लभविद्यानगर में 40 डिग्री दर्ज किया गया| मौसम विभाग ने बीते दिन के मौसम की जानकारी देते हुए बताया कि गुजरात के कई इलाकों में भीषण गर्मी रही। राज्य में सबसे अधिक तापमान 43 डिग्री राजकोट में दर्ज किया गया। इसके साथ ही सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ इलाकों में तापमान में गिरावट देखी गई। इसके अलावा दीव, दमन और दादरा एवं नगर हवेली में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहा। सतीश/27 अप्रैल