बीजापुर(ईएमएस)। नक्सलवाद के खिलाफ छत्तीसगढ़ के बीजापुर में चल रही सबसे बड़ी जंग अब और भी भीषण होती जा रही है। लगातार पांचवें दिन भी सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। इसी बीच गलगम के जंगलों से एक दुखद खबर सामने आई है DRG का एक बहादुर जवान नक्सलियों द्वारा बिछाए गए IED ब्लास्ट में गंभीर रूप से घायल हो गया। जवान के दोनों पैरों में गहरी चोटें आई हैं। उसे पहले गलगम CRPF कैंप में प्राथमिक उपचार दिया गया और अब उसे हेलीकॉप्टर के जरिए बीजापुर अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही है। यह मुठभेड़ उसूर थाना क्षेत्र के कोतापल्ली गांव के कर्रेगुट्टा पहाड़ी इलाके में चल रही है, जिसे देश का अब तक का सबसे बड़ा एंटी-नक्सल ऑपरेशन माना जा रहा है। करीब 10 से 12 हजार जवानों ने जंगल में घात लगाए 1500 खतरनाक नक्सलियों को चारों तरफ से घेर रखा है। 2 सैन्य हेलीकॉप्टरों से लगातार गोलीबारी और बमबारी कर नक्सलियों के ठिकानों को तबाह किया जा रहा है। अब तक 5 नक्सली ढेर किए जा चुके हैं, जिनमें से 3 के शव और हथियार बरामद हुए हैं। आज भी रुक-रुक कर फायरिंग जारी है। इस घातक ऑपरेशन के बीच भीषण गर्मी भी जवानों की सबसे बड़ी दुश्मन बनकर सामने आई है। 40 से ज्यादा जवान हीट स्ट्रोक का शिकार हो गए हैं। उन्हें तुरंत इलाज के लिए तेलंगाना के वेंकटापुरम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक, जंगल के भीतरी इलाकों में तैनात जवानों को पर्याप्त पानी और ग्लूकोज तक नहीं मिल पा रहा, बावजूद इसके वे पूरी ताकत से मोर्चा संभाले हुए हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)26 अप्रैल 2025