-कांग्रेस ने डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के साथ हमेशा धोखा किया -डॉ. सत्यनारायण जटिया -प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बाबा साहब के पंचतीर्थों का विकास हुआ -जगदीश देवड़ा -कांग्रेस की नीतियों के कारण गरीबों, वंचितों को उनका हक नहीं मिल पाया -दिनेश शर्मा -कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर संविधान का अपमान किया -डॉ. नरोत्तम मिश्रा -भाजपा सरकारें कर रहीं बाबा साहब के सपनों को साकार -फग्गन सिंह कुलस्ते -कांग्रेस ने दलितों को सिर्फ वोट बैंक समझा, भाजपा ने उनका उत्थान किया -लाल सिंह आर्य शाजापुर/रतलाम/दतिया/छिन्दवाड़ा/सागर(ईएमएस)।भारतीय जनता पार्टी संसदीय बोर्ड के सदस्य डॉ. सत्यनारायण जटिया ने शुक्रवार को शाजापुर, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने रतलाम, उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री व सांसद दिनेश शर्मा एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता व प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दतिया, पूर्व केन्द्रीय मंत्री व सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने छिन्दवाड़ा एवं अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने सागर में संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित संगोष्ठियों को संबोधित किया। भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य डॉ. सत्यनारायण जटिया ने कहा कि बाबा साहब देश के एक विशाल व्यक्तित्व वाले राष्ट्रपुरुष थे। वे सामाजिक समरसता के पर्याय और एक महान विचारक थे। कांग्रेस ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के साथ हमेशा धोखा किया है। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि बाबा साहब डॉ. अंबेडकर ने हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया है, वे हमारे देश की धरोहर हैं। उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री व सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश में सामाजिक समरसता के लिए कार्य किया। पार्टी के वरिष्ठ नेता व प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि बाबा साहब देश के एक विशाल व्यक्तित्व वाले राष्ट्रपुरुष थे। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर सामाजिक समरसता के पर्याय और एक महान विचारक थे। पूर्व केन्द्रीय मंत्री व सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि बाबा साहब के सपनो को पूरा करने और संविधान के अनुरूप चलने का काम भाजपा की केन्द्र और प्रदेश सरकारें कर रही हैं। अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा दलितों को वोट बैंक के लिए इस्तेमाल किया। देश पर सबसे ज्यादा राज कांग्रेस ने किया, लेकिन दलितों के लिए कुछ नहीं किया। कांग्रेस ने निजी स्वार्थों के लिए संविधान में बदलाव किए- डॉ.सत्यनारायण जटिया भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य डॉ.सत्यनारायण जटिया ने शाजापुर जिले के अकोदिया नगर परिषद प्रांगण में आयोजित संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब देश के एक विशाल व्यक्तित्व वाले राष्ट्रपुरुष थे। वे सामाजिक समरसता के पर्याय और एक महान विचारक थे। कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब के साथ धोखा किया है। सन 1952 में हुए लोकसभा चुनाव में बाबा साहब ने बॉम्बे नॉर्थ सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन बाबा साहब वो चुनाव लगभग 10 हजार वोटों से हार गए, इसके पीछे भी कांग्रेस पार्टी ही थी। बाबा साहब की 125वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंचतीर्थ के विकास का बीड़ा उठाया। बाबा साहब की जन्म स्थली महू के विकास का कार्य भी भारतीय जनता पार्टी की सरकारों में हुआ। भाजपा सरकारों ने सामाजिक न्याय के लिए संविधान में बदलाव किए, लेकिन कांग्रेस ने अपनी कुर्सी बचाने और निजी स्वार्थ के लिए संविधान में बदलाव किए। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस की कथनी और करनी में बहुत बड़ा अंतर है। कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब का अपमान किया है, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र व प्रदेश सरकारों ने अनेकों योजनाएं संचालित कर उन्हें सम्मान दिया है। भाजपा की सरकारें बाबा साहब के संविधान की रक्षा और उनके सम्मान को बरकरार रखने का काम लगातार कर रही है। संगोष्ठी को प्रदेश शासन के मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. हितेष वाजपेयी एवं जिला अध्यक्ष डॉ. रवि पाण्डे ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान पूर्व विधायक जसवंत सिंह हाड़ा, बाबूलाल वर्मा एवं प्रकाश झावा मंचासीन रहे। बाबा साहब डॉ.भीमराव अंबेडकर हमारे देश की धरोहर-जगदीश देवड़ा प्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने रतलाम जिले के रंगोली सभागार में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब डॉ. अंबेडकर ने हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया। महापुरुष देश की धरोहर होते हैं और डॉ. भीमराव अंबेडकर हमारे देश की धरोहर हैं, जिनका मान-सम्मान बरकरार रखना भाजपा के हर कार्यकर्ता का कर्तव्य हैं। भाजपा ने हमेशा बाबा साहब को सम्मान देने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहब के पांच स्थानों को पंचतीर्थ के रुप में विकसित करने का बीड़ा उठाया जो बाबा साहब के प्रति सम्मान को दर्शाता है। बाबा साहब के जीवन से जुड़े पंचतीर्थों, उनकी जन्म-भूमि महू, शिक्षा-भूमि लंदन, दीक्षा-भूमि नागपुर, महापरिनिर्वाण-भूमि दिल्ली तथा चैत्य भूमि मुंबई को मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना से जोड़ा गया है। कांग्रेस ने बाबा साहब के जीवित रहते हुए और उनके परिनिर्वाण के बाद भी अपमान किया है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने संविधान देश को सौंपकर हमें जगाने का काम किया है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार बाबा साहब के संविधान को अंतिम सत्य मानकर आगे बढ़ रही है, लेकिन विपक्षी दल संविधान को हाथों में लहराकर उसका अपमान कर तुष्टिकरण की राजनीति करने में लगे हुए हैं। आज वोट बैंक की खातिर कांग्रेस को बाबा साहब और संविधान की याद आ रही है। संगोष्ठी को वरिष्ठ नेता गोपीकृष्ण नेमा एवं जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने भी संबोधित किया। इस दौरान निर्मल कटारिया, पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल एवं ओमप्रकाश मौर्या मंचासीन रहे। बाबा साहब ने हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया -दिनेश शर्मा उत्तर प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री व सांसद दिनेश शर्मा ने दतिया के जिला कार्यालय में आयोजित संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज के भारत में डॉ. भीमराव अंबेडकर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों की प्रासंगिकता और आवश्यकता अत्यधिक महसूस हो रही है। डॉ. अंबेडकर ने सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक अधिकारों की नींव रखी, जबकि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद और अंत्योदय के सिद्धांतों के माध्यम से समग्र समावेशिता की दिशा में मार्गदर्शन किया। कांग्रेस ने धर्म-जाति के आधार पर भारत का बंटवारा किया है। बाबा साहब अंबेडकर ने जो सपना देखा था वह एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदायाल के एकात्म मानववाद से प्रेरित थे। इसलिए दोनों के विचार मिलते थे। आज प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी डॉ. अंबेडकर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को साकार करने का काम कर रहे हैं। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश में सामाजिक समरसता के लिए कार्य किया। उन्होंने सिर्फ संविधान की रचना ही नहीं की, बल्कि देश को कई ऐसे विचार दिये, जो वर्तमान परिप्रेक्ष्य में भी हमारे लिए उपयोगी हैं। बाबा साहब समान नागरिक संहिता के पक्ष में थे, परंतु देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने हिंदू कोड बिल लागू नहीं होने दिया। देश और दुनिया में उनका सम्मान बढ़ाने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकारों ने किया है। बाबा साहब सामाजिक समरसता के पर्याय और महान विचारक थे- डॉ. नरोत्तम मिश्रा पार्टी के वरिष्ठ नेता व प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दतिया के जिला कार्यालय में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब देश के एक विशाल व्यक्तित्व वाले राष्ट्रपुरुष थे। बाबा साहब सामाजिक समरसता के पर्याय और एक महान विचारक थे। वह विचार जो समाज मे समानता लाने व वंचितों को अधिकार देने के लिए जिंदगी भर लड़ता रहा और उसमें सफल भी रहा। लेकिन सच यह भी है कि इस विचार को अपमानित, तरस्कृत और दुखी करने का काम अगर किसी ने किया तो वह कांग्रेस ही है। बाबा साहेब द्वारा बनाए गए संविधान की मूल आत्मा को मारने का प्रयास अगर किसी ने किया तो वो भी कांग्रेस ही है। कांग्रेस ने संविधान में संशोधन कर मुसलमानों के लिए एक अलग व्यवस्था कर समानता का संतुलन ही बिगाड़ कर रख दिया। कांग्रेस ने आरक्षण पर भी प्रहार किया। ये वही कांग्रेस पार्टी है जिसने जवाहरलाल नेहरू के सामने बाबा साहब अंबेडकर को छोटा दिखाने की हर संभव कोशिश की। ये वही कांग्रेस पार्टी है जिसमें 70 साल बाद कोई दलित अध्यक्ष बन सका। बाबा साहब अंबेडकर युग पुरुष थे, दूर दृष्टा थे, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने हमेशा उन्हें दलित नेता कहकर एक दायरे में समेटने की कोशिश की। कांग्रेस की ये कोशिश रही है कि उनका कद किसी नेहरू-गांधी परिवार के समकक्ष भी खड़ा नहीं हो पाए। बाबा साहेब को भारत रत्न नहीं दिया जाना कांग्रेस की इसी कुत्सित सोच का नतीजा है। कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के साथ धोखा किया है। इस दौरान जिला अध्यक्ष रघुवीर कुशवाहा, धीरू दांगी, अतुल भूरे चौधरी मंचासीन रहे। भाजपा सरकारें कर रही बाबा साहब के सपनों को साकार- फग्गन सिंह कुलस्ते पूर्व केन्द्रीय मंत्री व सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने छिन्दवाड़ा के पीजी कॉलेज सभागार में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब के सपनों को पूरा करने और संविधान के अनुरूप चलने का काम भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र और प्रदेश सरकारें कर रही हैं। बाबा साहब संविधान निर्माता के साथ ही भारतीय आर्थिक विकास के शिल्पकार भी थे। बाबा साहब ने विकसित भारत के साथ हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया। कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब की विद्वत्ता को कभी स्वीकार नहीं किया। उनको राजनीति में आगे बढ़ने से रोकने के लिए कांग्रेस एवं जवाहरलाल नेहरू ने अनेकों कुप्रयास किये थे। जवाहरलाल नेहरू और कांग्रेस ने बाबा साहब को चुनाव हराने के लिए कई हथकंडे अपनाए और बाबा साहब को लोकसभा चुनाव में पराजित करवा दिया। दिल्ली में अंतिम संस्कार के लिए जमीन तक नहीं दी गई। उनका स्मारक बनाने के लिए न तो जमीन उपलब्ध कराई और न ही स्मारक बनाने की मंजूरी दी। प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहब को सम्मान देने के लिए उनसे जुड़े स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया है। संगोष्ठी को जिला अध्यक्ष शेषराव यादव, पूर्व विधायक नरेश दिवाकर एवं अजा मोर्चा की जिला अध्यक्ष श्रीमती ज्योति डेहरिया ने भी संबोधित किया। इस दौरान मंच पर विजय झांझरी, दिनेश अंगारिया, टीकाराम चंद्रवंशी, लखन वर्मा, उत्तम ठाकुर सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस पार्टी संविधान नहीं एक परिवार के हिसाब से चलती है-लाल सिंह आर्य भाजपा अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने सागर के संभागीय कार्यालय में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब का पूरा जीवन समाज के लिए समर्पित रहा। उन्होंने देश के लिए ऐसा संविधान दिया, जिसमें कोई भेदभाव नहीं था। आज पहलगाम में जिन आतंकियों ने मासूमों की जान ली है, वे बाबा साहब के संविधान के अपराधी हैं। जब कोई भारत मुर्दाबाद के नारे लगाता है और तिरंगा जलाता है, ऐसे अपराधियों को कांग्रेस गले लगाने का काम करती है। यह बाबा साहब के संविधान का अपमान है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा बाबा साहब के विचारों एवं उनके बनाएं संविधान का परित्याग किया है। अगर कांग्रेस 65 सालों में ईमानदारी से गरीबों-दलितों के लिए काम करती तो आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को गरीबों के लिए घर, 80 करोड़ लोगों को राशन और न ही अन्य जनहितैषी योजनाएं चलाने की जरूरत पड़ती। कांग्रेस पार्टी संविधान के हिसाब से नहीं चलती बल्कि एक परिवार के हिसाब से चलती है। पूरी कांग्रेस पार्टी का हमेशा से देश का माहौल खराब कर वोट बैंक की राजनीति करने का एजेंडा रहा है। लेकिन अब देश की जनता सब जान चुकी है कि गरीबों-दलितों के उत्थान के लिए किसने काम किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भाजपा सरकारें बाबा साहब के विचारों को साकार करने का काम कर रही है। संगोष्ठी को वरिष्ठ नेता शैलेन्द्र शर्मा ने भी संबोधित किया। इस दौरान प्रदेश शासन के मंत्री डॉ. गोविन्द सिंह, सांसद श्रीमती लता वानखेडे, विधायक प्रदीप लारिया, शैलेन्द्र जैन, जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया एवं अमित कछवाहा मंचासीन रहे। हरि प्रसाद पाल / 25 अप्रैल, 2025