राष्ट्रीय
25-Apr-2025


ठेला, कंधे पर शव ले जाने वाली तस्वीरें अब नहीं दिखेंगी भोपाल (ईएमएस)। दूरदराज इलाकों से ठेला, कंधे और साइकिल पर शव ले जाने वाली तस्वीरें अब मध्यप्रदेश में नहीं दिखाई देगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की मदद से मोहन सरकार पूरे प्रदेश में 148 अत्याधुनिक शव वाहनों की सेवा शुरु कर रही है। जरूरतमंद 1080 नंबर पर कॉल कर शव वाहन बुलाकर शव को घर तक ले जा सकते है। शव वाहनों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरु कर दी गई है। एक महीने में शुरू होने वाली सेवा के प्रथम चरण में 60 शव वाहन शुरू करने की योजना है। यानी सभी जिलों में एक-एक वाहन भेजा जाएगा। भोपाल के जीएमसी जैसे बड़े मेडिकल कॉलेज में दो या अधिक वाहन भी दिए जा सकते हैं, क्योंकि यहां से प्रदेशभर के अलग-अलग जिलों से मरीज पहुंचते हैं। बाद में हर जिले को दो से तीन शव वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। फिलहाल यह सेवा केवल आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को मिलेगी। वे अस्पताल से घर तक शव को पहुंचा सकते है। हालांकि, सरकार को प्रस्ताव मिल रहे हैं कि यह सेवा आम मरीजों के परिजनों को भी मिलानी चाहिए। इस सेवा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए भोपाल में कॉल सेंटर बनाया जा रहा है। जो चौबीसों घंटे चालू रहेगा। डिजिटल डैशबोर्ड से पूरे प्रदेश में शव वाहनों की उपलब्धता और मूवमेंट ट्रैक किया जाएगा। नॉन एसी वाहनों को शव वाहन के तौर पर तैयार किया जा रहा है। खिड़कियां पारदर्शी होंगी। वाहन में फ्यूमीगेशन मशीन और वॉशिंग इक्युपमेंट लग रहने वाले है। आशीष दुबे / 25 अप्रैल 2025