कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में 25 अप्रैल को कलेक्टर कार्यालय स्थित ऑडिटोरियम में नवीन कानून संहिताओं भारतीय न्याय संहिता 2023 (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 (BNSS), एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 (BSA) के संबंध में एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। उक्त कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर के साथ कोरबा पुलिस के सभी राजपत्रित एवं गैर राजपत्रित अधिकारी सहित कुल 131 विवेचक सम्मिलित हुए। कार्यशाला का उद्देश्य नवीन कानूनों के प्रावधानों की व्यावहारिक समझ को सुदृढ़ करना तथा विवेचना में आ रही जमीनी समस्याओं का समाधान करना था। कार्यशाला में न्यायाधीश गरिमा शर्मा, विशेष न्यायाधीश NDPS एक्ट भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 (BNSS), न्यायाधीश डॉ. ममता भोजवानी, विशेष न्यायाधीश पॉक्सो भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 (BSA), न्यायाधीश सीमा प्रताप चंद्रा, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश भारतीय न्याय संहिता 2023 (BNS), ने मार्गदर्शन प्रदान किया गया। उल्लेखनीय हैं कि कार्यशाला में चर्चा के दौरान विवेचना में आ रही व्यावहारिक समस्याओं को न्यायिक अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया। यह संवादात्मक सत्र प्रतिभागियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ। 25 अप्रैल / मित्तल