25-Apr-2025
...


ग्रेटर नोएडा(ईएमएस)। सरकार ने पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत में रह रहे सभी पाकिस्तानियों का वीजा रद्द कर दिया है। सभी पाकिस्तानियों को 48 घंटे के अंदर देश छोड़ने का आदेश जारी कर दिया गया है। अब सवाल है कि क्या पाकिस्तान से आकर अवैध तरीके से भारत में रह रही सीमा हैदर को भी भारत छोड़कर पाकिस्तान में जाना पड़ेगा। इसको लेकर सोशल मीडिया पर जमकर बहसबाजी शुरू हो चुकी है।पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद अटारी बॉर्डर को बंद कर दिया गया है। भारत आए पाकिस्तानी नागरिकों को इस रास्ते से लौटने के लिए एक मई तक का समय दिया गया है। पाकिस्तानी नागरिक अब भारत दौरा नहीं कर सकेंगे। भारत में मौजूद पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने के लिए 48 घंटे का समय दिया गया है। सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए गए हैं। क्या सीमा हैदर भी पाकिस्तान जाएगी? इस सवाल पर सोशल मीडिया पर बहस जारी है। कई यूजर्स सीमा हैदर को पाकिस्तान भेजने की सलाह दे रहे हैं। कई यूजर्स दावा करते नजर आ रहे हैं कि सीमा हैदर को अब भारत छोड़ना होगा। कुछ यूजर्स सीमा हैदर को स्टार बनाने पर नाराजगी जाता रहे हैं। अब सब की निगाहें सरकार के अगले कदम पर है। वहीं सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स यह भी लिख रहे हैं कि सीमा हैदर को पाकिस्तान शायद ही जाना पड़े। पहली वजह यह बताई जा रही है कि भारत सरकार ने वीजा रद्द करने की बात कही, जबकि सीमा हैदर नेपाल के रास्ते आई हैं। वीजा लेकर नहीं। दूसरी बात यह भी है की सीमा हैदर भारतीय नागरिक सचिन की पत्नी बन चुकी है और सचिन से एक बच्चा भी सीमा हैदर की नागरिकता और अवैध प्रवास को लेकर मामला कोर्ट में विचाराधीन है। ऐसे में उस पर कार्यवाही फिलहाल नहीं होगी। जब तक की कोर्ट कोई फैसला न सुना दे। सीमा हैदर को लेकर सवाल इस वजह से उठ रहे है, क्योंकि वह न तो वैध तरीके से भारत आई थी और न ही उसके पास कोई भारतीय नागरिकता है। वहीं सुरक्षा एजेंसी पहले से ही सीमा की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। इस पूरे मामले की जांच की जा रही हैं। इस मुद्दे पर फिलहाल केंद्र सरकार की तरफ से सीमा हैदर को लेकर कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है। सीमा हैदर के वकील एपी सिंह ने बताया कि। सीमा की एक बच्ची हो चुकी जो अभी अस्पताल में है इनका मामला बिल्कुल अलग है। मर्सी पिटीशन ऑलरेडी दी जा चुकी है। ऐसा कोई भी नियम नहीं है, लेकिन आगे देखते हैं क्या होता है जो बन पड़ेगा किया जाएगा। बच्ची का जन्म इंडिया में हुआ था। इसलिए, उसे नागरिकता मिल चुकी है। सीमा, भारत की बहू है। इसके ऊपर कई केस भी भारत में है। नागरिकता के लिए प्रक्रिया चल रही है। भारत सरकार के टच में हैं। वही विशेषज्ञों का मानना है कि सीमा हैदर का भारत आना अवैध था। अब सरकार ने सभी पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का निर्देश दिया है। ऐसे में उस पर कार्यवाही संभव है। पहलगाम हिंसा को भारत ने काफी गंभीरता से लिया है। ऐसे हालात में सीमा हैदर को भी भारत छोड़ना पड़ सकता है। फिलहाल, ऐसा करना आसान नहीं है, क्योंकि राज्य सरकार पर निर्भर करता है कि वह सीमा हैदर को भारत में रहने की इजाजत देगा या नहीं। एक और तथ्य ध्यान रखने योग्य है जो कि सीमा हैदर ने भारतीय नागरिक सचिन मीना से शादी की है। सचिन से उसका एक बच्चा भी है ऐसे में यूपी सरकार की प्रतिकूल रिपोर्ट आने पर भी सीमा हैदर पर कार्यवाही होगी। वीरेंद्र/ईएमएस/25अप्रैल2025