जम्मू(ईएमएस)। पाकिस्तान हमेशा ही सीजफायर का उल्लंघन करता रहा है। एलओसी पर आए दिन गोलीबारी करना उसका मकसद बन गया है। अब पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद सीमा पर तनाव बढ़ गया है। खबर है कि शुक्रवार को नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान ने गोलीबारी की है। हालांकि, इसे लेकर भारतीय सेना की ओर से आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है। इस गोलीबारी के बाद भारतीय पक्ष ने भी जवाबी गोलीबारी की है। दोनों तरफ से गोलीबारी होने की खबर है। एक अधिकारी ने कहा, पाकिस्तानी सेना ने छोटे हथियारों से सीमा पर गोलीबारी की है। हमारे सैनिकों ने जवाब दिया है। आगे की जानकारी जुटाई जा रही है। कोई जनहानि नहीं हुई है। खास बात है कि सीमापार गोलीबारी की यह घटना ऐसे समय पर हुई है, जब अटकलें हैं कि भारत की तरफ से सीमा पर जारी सीजफायर समझौता खत्म किया जा सकता है। खबरें हैं कि सरकार इसपर विचार कर रही है। फिलहाल, इसे लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। यह पहला मौका नहीं है, जब पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया हो। वीरेंद्र/ईएमएस/25अप्रैल2025