क्षेत्रीय
24-Apr-2025
...


कलेक्टर ने किया उपार्जन केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण अशोकनगर (ईएमएस)। जिले में चना, मसूर, सरसों के उपार्जन का कार्य संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर आदित्य सिंह ने गुरूवार को समर्थन मूल्य पर की जा रही खरीदी हेतु उपार्जन केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं को देखा। साथ ही उन्होंने उपार्जित किये गये अनाजों की गुणवत्ता को देखा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अशोकनगर उपार्जन केन्द्र शासकीय वेयरहाउस के गोदाम क्रमांक 6, गोदाम क्रमांक 9 तथा सेवा सहकारी समिति के सत्यम वेयर हाउस खरीदी केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया कि उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए ठंडा पेयजल, छाया की व्यवस्था की जाए। साथ ही तौल कांटों की संख्या बढ़ाई जाए। जिससे किसानों की फसलों की तुलाई समय पर हो सके। निरीक्षण के दौरान किसानों से संवाद कर उपार्जन केन्द्रों की व्यवस्थाओं के बारे में पूछा। साथ ही उपार्जन केन्द्र के समिति प्रबंधकों से अब तक की गई खरीदी के बारे में विस्तार से जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह द्वारा तहसील पिपरई अंतर्गत सेवा सहकारी समिति नादनखेड़ी, तहसील ईसागढ़ के ग्राम ढाकोनी में द्वारकाधीश वेयर हाउस में खरीदी केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने चना, मसूर, सरसो की खरीदी के संबंध में जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कृषकों से खाद के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि खाद की रैक समय-समय पर जिले को प्राप्त होगी। जिले में सोसायटियों के माध्यम से कृषकों को सुविधाजनक रूप से पर्याप्त खाद उपलब्ध कराया जायेगा। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 24 अप्रैल 2025