-सीमा नेपाल के रास्ते भारत में अवैध रूप से हुई थी दाखिल, सचिन से की थी शादी नोएडा,(ईएमएस)। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने देश में रह रहे सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द करने और 48 घंटे के अंदर भारत छोड़ने का आदेश जारी किया है। इस फैसले के बाद सबसे ज्यादा चर्चा में सीमा हैदर आई हैं। सीमा पाकिस्तान से अवैध रूप से भारत आई थी और अब ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में भारतीय युवक सचिन मीणा की पत्नी के रूप में रह रही है। सीमा हैदर नेपाल के रास्ते भारत में अवैध रूप से दाखिल हुई थी। भारत आने के बाद सीमा ने सचिन मीणा से शादी कर ली। सीमा अब सचिन के साथ रह रही है और दोनों का एक बच्चा भी है, जिसका जन्म भारत में हुआ है। सरकार के ताजा आदेश के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या सीमा हैदर को भी भारत छोड़ना होगा? विशेषज्ञों की मानें तो मामला जटिल है। पहली बात, सरकार ने उन पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द किए हैं जो वैध रूप से भारत में रह रहे थे, जबकि सीमा हैदर बिना वीजा के अवैध रूप से भारत आई थीं। इसलिए यह आदेश उस पर सीधे तौर पर लागू नहीं होता। दूसरी बात सीमा अब एक भारतीय नागरिक की पत्नी है और उनके बच्चे का जन्म भारत में हुआ है, जिससे मानवीय और कानूनी पहलू इस मामले में अहम भूमिका निभा सकते हैं। सीमा की नागरिकता और भारत में उसके अवैध प्रवेश से जुड़ा मामला अदालत में लंबित है। सीमा हैदर के वकील एपी सिंह ने बताया कि सीमा के एक बच्ची भारत में ही पैदा हुई है। उन्होंने कहा कि मर्सी पिटिशन पहले ही दाखिल की जा चुकी है और भारत सरकार से संपर्क में हैं। उनका कहना है कि सीमा अब भारत की बहू है और उसकी नागरिकता की प्रक्रिया भी चल रही है। हालांकि, बढ़ते भारत-पाकिस्तान तनाव और राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं के मद्देनजर यह मामला और भी संवेदनशील हो गया है। सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सीमा की गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। अंतिम फैसला अदालत के निर्णय और सरकार की नीति पर निर्भर करेगा। फिलहाल, केंद्र सरकार सीमा हैदर के मामले में कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है, लेकिन यह साफ है कि आने वाले दिनों में यह मामला गर्मा सकता है और इसकी दिशा कोर्ट के फैसले से तय होगी। सिराज/ईएमएस 24अप्रैल25