क्षेत्रीय
24-Apr-2025


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई में एलफिंस्टन ब्रिज पर यातायात बंद कर दिया जाएगा। यह मध्य मुंबई का एक प्रमुख पूर्व-पश्चिम पुल है, जहां हमेशा यातायात की भीड़ रहती है। दरअसल बांद्रा-वर्ली सी ब्रिज को सीधे शिवड़ी स्थित अटल ब्रिज से जोड़ा जाएगा और इसके लिए मौजूदा ब्रिज को ध्वस्त कर एमएमआरडीए द्वारा एक नया ब्रिज बनाया जाएगा। इस कारण मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि आज शुक्रवार रात 9 बजे से इस पुल पर यातायात बंद रहेगा। मुंबई पुलिस ने 8 अप्रैल को एक अधिसूचना जारी कर घोषणा की थी कि एलफिंस्टन ब्रिज यातायात के लिए बंद रहेगा। नागरिकों को असुविधा से बचाने के लिए पुलिस ने मध्य मुंबई में यातायात नियंत्रित किया है। नागरिकों से आग्रह किया गया कि वे इस संबंध में अपनी आपत्तियां भेजें। पुलिस ने नागरिकों की आपत्तियों के आधार पर यातायात नियमों में आंशिक परिवर्तन करते हुए 25 अप्रैल को रात्रि 9 बजे से यातायात बंद करने की घोषणा की है। - पूर्व से पश्चिम की ओर जाने वाले वाहनों के लिए * दादर पूर्व से पश्चिम और दादर मार्केट की ओर जाने वाले वाहन चालक तिलक ब्रिज का उपयोग करेंगे। * परेल पूर्व से प्रभादेवी और लोअर परेल जाने वाले वाहन चालक करी रोड पुल का उपयोग करेंगे (सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक)। * परेल, भायखला पूर्व से प्रभादेवी, वर्ली, कोस्टल रोड और सी लिंक की ओर जाने वाले वाहन चालक चिंचपोकली ब्रिज का उपयोग करेंगे। - महादेव पालव मार्ग (करी रोड रेलवे ब्रिज) यातायात नियोजन * सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक कॉमरेड कृष्णा देसाई चौक (भारत माता जंक्शन) से शिंगटे मास्टर चौक तक यातायात एकतरफा रहेगा। * दोपहर 3 बजे से रात 11 बजे तक शिंगटे मास्टर चौक से कॉमरेड कृष्णा देसाई चौक (भारत माता जंक्शन) तक एक तरफा यातायात खुला रहेगा। * रात्रि 11 बजे से प्रातः 7 बजे तक की अवधि के दौरान दोनों लेन खुली रहेंगी। - पश्चिम से पूर्व की ओर जाने वाले वाहनों के लिए: * दादर पश्चिम से दादर पूर्व जाने वाले वाहन चालक तिलक ब्रिज का उपयोग करेंगे। * पश्चिम से प्रभादेवी और लोअर परेल, परेल, टाटा अस्पताल और के.ई.एम. अस्पताल जाने वाले वाहन चालक करी रोड ब्रिज का उपयोग करेंगे। (अपराह्न 3 बजे से रात्रि 11 बजे तक) * कोस्टल रोड और सी लिंक से होकर जाने वाले तथा प्रभादेवी, वर्ली से परेल, भायखला पूर्व की ओर जाने वाले वाहन चालक चिंचपोकली ब्रिज का उपयोग करेंगे। - डबल लेन यातायात संचालन सेनापति बापट मार्ग: वडाचा नाका से फितवाला जंक्शन तक डबल लेन चालू रहेगी। स्वेता/संतोष झा- २४ अप्रैल/२०२५/ईएमएस