-केजरीवाल ने सरकारी बारात घर की बजाय पांच सितारा होटल क्यों बुक कराया? नई दिल्ली,(ईएमएस)। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल हमेशा साधारण चप्पल और नीली शर्ट पहने नजर आते हैं, जिससे उनकी छवि साधारण व्यक्ति की लगती है। यह अलग बात है कि उन्होंने दिल्ली का सीएम रहते हुए अपने लिये सरकारी खर्चे पर शीश महल बनवाया था। हालांकि बाद में उनको सीएम पद और शीश महल छोड़ना पड़ा और उनके दामन पर लगे दागों के कारण जनता ने उनको विधानसभा चुनाव में नकार दिया, लेकिन सत्ता में रहते हुए आम आदमी पार्टी के नेताओं को शानो शौकत का जो शौक लग गया है वह अक्सर चर्चा का विषय बन जाता है। अरविंद केजरीवाल भले किसी सरकारी पद पर नहीं हैं लेकिन वह लग्जरी गाड़ियों के लंबे चौड़े काफिले के साथ चलते हैं। केजरीवाल की बेटी की शादी की जो तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं वह बता रहे हैं कि एक समय खुद को आम आदमी कहने वाला शख्स खास आदमी बन चुका है। बता दें कि वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि अरविंद केजरीवाल महंगे कपड़े पहने डांस कर रहे हैं। अपुष्ट रिपोर्टों के मुताबिक दिल्ली के पांच सितारा होटल में हुई इस शादी पर हुए खर्च का लोग सोशल मीडिया पर अनुमान लगा रहे हैं। शादी समारोह में पंजाब के सीएम भगवंत मान को भांगड़ा करते देखा जा सकता है। मनीष सिसोदिया की शानो शौकत भी देखते बन रही है। लोग सोशल मीडिया पर पूछ रहे हैं कि आम आदमी ने सरकारी बारात घर की बजाय पांच सितारा होटल क्यों बुक कराया? बता दें दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल की बेटी हर्षिता ने संभव जैन से शादी की है। दोनों की मुलाकात भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली में हुई थी। शुक्रवार को लुटियंस दिल्ली में तमाम वीवीआईपी की उपस्थिति में विवाह समारोह संपन्न हुआ। आम आदमी पार्टी के सूत्रों का कहना है कि अरविंद केजरीवाल की बेटी की शादी कपूरथला हाउस में हुई जो राजधानी में रहने के दौरान पंजाब के सीएम का आधिकारिक निवास है। बता दें कि केजरीवाल का दामाद संभव जैन ने आईआईटी दिल्ली से स्नातक किया है। वह एक निजी कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंट के तौर पर काम करते हैं। हर्षिता ने केमिकल इंजीनियरिंग में उच्च शिक्षा प्राप्त की है। हर्षिता और संभव की शादी का रिसेप्शन रविवार 20 अप्रैल को हो सकता है। इस शादी समारोह में मीका सिंह और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री गोपाल राय भी मौजूद थे। आप सांसद संजय सिंह ने भी हर्षिता केजरीवाल की शादी के बाद अपनी खुशी जाहिर की। सिराज/ईएमएस 19अप्रैल25