नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में दिन भर तेज धूप निकली रही। सीजन में दूसरी बार तापमान 41 डिग्री तक जा पहुंचा। हालांकि शाम को अचानक मौसम ने करवट ली। तेज आंधी के साथ राजधानी के विभिन्न हिस्सों में हल्की वर्षा भी हुई। इस दौरान दिल्ली वासियों ने सुहावने मौसम का खूब लुत्फ लिया। मौसम विभाग की मानें तो शनिवार को भी मौसम का यह बदला रूप ही देखने को मिलेगा। शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.0 डिग्री अधिक 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पीतमपुरा में यह सर्वाधिक 28.5 डिग्री रहा। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक 41.0 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 68 से 32 प्रतिशत दर्ज हुआ। देर शाम एकाएक मौसम बदला तो 40 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से आंधी चली। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में लगभग एक घंटे तक बिजली भी चमकती रही। जहां तक वर्षा का सवाल है तो शाम साढ़े पांच से रात साढ़े आठ बजे के बीच पूसा और नरेला में 0.5 मिमी, मंगेशपुर में 4.0 एवं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 3.0 मिमी दर्ज की गई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को दिन भर सामान्यतया बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने और बिजली चमकने की संभावना के साथ 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और हल्की वर्षा होने का भी पूर्वानुमान है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 38 और 26 डिग्री रहने के आसार हैं। मौसम की इस करवट का असर अगले कई दिन बना रहेगा। गर्मी से कुछ राहत रहेगी। तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली /ईएमएस/19/अप्रैल /2025