भोपाल(ईएमएस)। बैरसिया थाना इलाके में बीती रात पार्टी कर रहे दो दोस्तों में किसी बात को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ा की एक दोस्त ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करते हुए उसे अधमरा कर दिया। बाद में घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया जहां सुबह उसकी मौत हो गई। थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मूलत: बिहार का रहने वाला धनेश्वर यादव (50) बैरसिया इलाके के एक वेयर हाउस में पल्लेदारी का काम करता था। इस इलाके में बिहार से आकर अन्य युवक भी काम करते हैं। बताया गया है की फसल कटाई के बाद यहां पर बड़ी संख्या में लोग बाहर से काम करने के लिए आते हैं। पास के ही वेयर हाउस में ही बिहार का रहने वाला धनेश्वर का एक दोस्त रंजीत यादव भी काम करता है। बिहार के एक ही गांव के होने के कारण उनके बीच दोस्ती थी, और मिलते-जुलते रहते थे। गुरुवार रात रंजीत अपने चार-पांच साथियों को लेकर धनेश्वर यादव के पास पार्टी करने पहुंचा था। पार्टी के दौरान ही उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बढ़ते विवाद में गुस्साये रंजीत ने अपने साथियों के साथ मिलकर धनेश्वर पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। उसे गंभीर हालत छोड़कर आरोपी वहां से फरार हो गए। बाद में वेयर हाउस में रहने वाले अन्य लोगों ने गंभीर रूप से घायल धनेश्वर को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया की अस्पताल से मिली सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची थी, लेकिन तब तक घायल धनेश्वर की मौत हो गई थी। मामला कायम कर पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है, जिनकी गिरफ्तारी के बाद ही घटना के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा जुनेद / 18 अप्रेल