पटना,(ईएमएस)। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने शुक्रवार को महिला संवाद अभियान की शुरुआत करते हुए जागरूकता के लिए 50 प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान के तहत पहले दिन 600 जगहों पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह पहल आगामी 60 दिनों तक पूरे राज्य भर में चलेगी। कुल 70 हजार स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इस मौके पर सीएम नीतीश कुमार, मंत्री विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार मौजूद थे। महिला संवाद के अभियान के तहत करीब दो करोड़ महिलाओं तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें 1.35 लाख से ज्यादा जीविका समूह की महिलाएं भाग लेंगी। सभी 38 जिलों को इस कार्यक्रम में शामिल किया गया है। पटना जिले में करीब 1395 जगहों पर संवाद होंगे। हर दिन औसतन 1200 स्थानों पर सुबह और शाम कार्यक्रम होंगे। महिला संवाद का उद्देश्य राज्य की महिलाओं को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराना है। इसमें महिला सशक्तिकरण नीति 2015, आरक्षण, शराबबंदी, बाल विवाह, दहेज उन्मूलन, जीविका कार्यक्रम, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना समेत कई अनेक योजनाएं शामिल हैं। सिराज/ईएमएस 18अप्रैल25