जगदलपुर(ईएमएस)। महापौर संजय पाण्डेय ने शहरवासियों को पेयजल, सफाई, और कचरा संग्रहण की समस्याओं से निजात दिलाने के लिए एक बड़ी पहल की। जब प्लेसमेंट कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गए थे, जिससे नगर निगम की बुनियादी सेवाएं प्रभावित हो रही थीं, तो महापौर संजय पाण्डेय ने इस समस्या को गंभीरता से लिया। महापौर ने खुद हड़ताली कर्मचारियों के साथ बैठकर सार्थक चर्चा की और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। इस विश्वास के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म कर दी। महापौर की इस पहल से न केवल कर्मचारियों को राहत मिली, बल्कि शहरवासियों को भी बड़ी राहत मिली, क्योंकि पेयजल आपूर्ति, कचरा संग्रहण और सफाई की सेवाएं फिर से सुचारू हो गईं। महापौर संजय पाण्डेय ने इस पहल के माध्यम से यह साबित कर दिया कि जन सरोकारों के प्रति उनकी सजगता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का कोई मुकाबला नहीं है। अब शहर के पार्षदों को भी महापौर ने अपील की है कि वे अपने-अपने वार्डों में स्थितियों की जानकारी लेकर किसी भी अव्यवस्था को तुरंत सुधारें। ईएमएस(संजय कुमार जैन)18अप्रैल 2025