नई दिल्ली (ईएमएस)। गाजियाबाद के नंदग्राम में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है। यहां एक कैंसर पीड़ित व्यक्ति ने अपनी पत्नी को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। सुसाइड नोट में उसने अपनी बीमारी और पत्नी के साथ जीने-मरने की कसम का जिक्र किया है। पुलिस ने मौके से रिवाल्वर और सुसाइड नोट बरामद किया है। मृतक कुलदीप त्यागी मेरठ के रहने वाले थे और उनके पिता सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी थे। राष्ट्रीय राजधानी से सटे गाजियाबाद के नंदग्राम में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को गोली मार दी। इसके बाद उसने उसी रिवाल्वर से खुद को भी गोली मार ली। घटना नंदग्राम के राधा कुंज कॉलोनी में बुधवार सुबह 11 बजे का है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। इसमें पता चला है कि यह व्यक्ति कैंसर पीड़ित था, लेकिन यह बाद वह अपने परिजनों को नहीं बताना चाहता था। इसलिए उसने सुसाइड किया। उसने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि उसने पत्नी के साथ जीने मरने की कसम खाई थी, इसलिए उसे भी गोली मार दी है। पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान मेरठ में बिजौली के रहने वाले कुलदीप त्यागी के रूप में हुई है। उसके पिता चंद्र स्वरुप त्यागी पुलिस में थे और कुछ समय पहले ही रिटायर हुए थे। रिटायरमेंट के बाद वह यहां राधा कुंज कॉलोनी में रहते हैं। वहीं पास वाले मकान में प्रॉपर्टी डीलर बेटा कुलदीप त्यागी अपनी पत्नी अंशु त्यागी और दो बेटों के साथ रहता था। कुलदीप के बेटों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उनके माता पिता घर की पहली मंजिल पर थे। जबकि दोनों बेटे नीचे अपने कमरे में थे। इसी दौरान गोली चलने की आवाज आई तो दोनों बेटे भाग कर ऊपर आए। देखा तो उनके मां बाप बेडरूम में खून से लथपथ पड़े थे। मां के माथे पर और पिता की कनपटी पर गोली लगी थी। पुलिस के मुताबिक आनन फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अजीत झा/ देवेन्द्र/ नई दिल्ली /ईएमएस/17/अप्रैल /2025