मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन पर वरिष्ठ राकांपा नेता एकनाथ खडसे द्वारा गंभीर आरोप लगाने के बाद अब गिरीश महाजन एक्शन मोड पर आ गए हैं। दरअसल कुछ दिन पहले एकनाथ खडसे ने गिरीश महाजन पर निशाना साधते हुए उन पर एक महिला आईएएस अधिकारी के साथ संबंध होने का आरोप लगाया था। खडसे ने गिरीश महाजन की कड़े शब्दों में आलोचना की थी। इसके बाद गिरीश महाजन ने इन आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि आम जनता उनके बारे में जानती है। इसलिए वे उस स्तर पर जाकर नहीं बोलेंगे। इसके बाद अब मंत्री गिरीश महाजन ने खडसे के आरोपों को लेकर उन्हें मानहानि का नोटिस भेजा है। कहा जा रहा है कि आने वाले दिनों में एकनाथ खडसे और गिरीश महाजन के बीच टकराव फिर तेज होने की संभावना है। आपको बता दें कि खडसे और महाजन कभी एक ही पार्टी भाजपा में साथ काम करते थे। लेकिन अब दोनों नेता एक-दूसरे की काफी तीखी आलोचना करते नजर आ रहे हैं। बाद में खडसे ने स्पष्ट किया कि किस आधार पर उन्होंने गिरीश महाजन पर एक महिला आईएएस अधिकारी के साथ संबंध होने का आरोप लगाया था। खडसे ने स्पष्ट किया था कि उन्होंने पत्रकार अनिल थत्ते द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर प्रासंगिक आरोप लगाए थे। इसलिए महाजन ने अनिल थत्ते को भी मानहानि का नोटिस जारी किया है। इस बीच, एकनाथ खडसे और अनिल थत्ते को नोटिस जारी करने के बाद गिरीश महाजन की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। गिरीश महाजन ने कहा, मैं किसी के बहकावे में आकर कोई आरोप लगाने को स्वीकार नहीं करता। ऐसे आरोप जनता के बीच हमारी छवि खराब करते हैं। इसलिए मैंने मुंबई में अपने वकीलों के माध्यम से संबंधित लोगों को मानहानि का नोटिस भेजा है। उन्हें यह नोटिस मिल गया होगा। अब मैं उनके खिलाफ अदालत में लड़ूंगा। बहरहाल अब अदालती कार्रवाई से एकनाथ खडसे की मुश्किलें बढ़ने के कयास लगाए जा रहे हैं। संजय/संतोष झा- १५ अप्रैल/२०२५/ईएमएस