राष्ट्रीय
15-Apr-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। झुलसाती गर्मी में शरीर को स्वस्थ बनाए रखना बड़ी चुनौती बन चुका है। ऐसे में मशहूर डाइटिशियनों ने कुछ खास सुझाव दिए हैं जो इस मौसम में खुद को फिट रखने में मददगार हो सकते हैं। डाइटिशियनों का कहना है कि गर्मी में खानपान में छोटे-छोटे बदलाव करके शरीर को न सिर्फ ठंडक दी जा सकती है, बल्कि बीमारियों से भी बचाव किया जा सकता है। डाइटिशियन मुताबिक, गर्मी में उन फलों का सेवन बढ़ाना चाहिए जिनमें पानी की मात्रा अधिक हो। तरबूज, खरबूजा, खीरा और संतरा जैसे रसीले फल शरीर को ठंडक पहुंचाने के साथ-साथ डिहाइड्रेशन से भी बचाते हैं। इसके अलावा हरी सब्जियों को रोजाना के आहार में शामिल करना चाहिए। उन्होंने खासतौर पर तली-भुनी और मसालेदार चीज़ों से दूरी बनाने की सलाह दी, क्योंकि यह पाचन तंत्र पर असर डालती हैं और गर्मी में शरीर को और कमजोर बना सकती हैं। शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है। नींबू पानी, छाछ और नारियल पानी जैसे प्राकृतिक पेय शरीर को ठंडक पहुंचाते हैं और एनर्जी भी बनाए रखते हैं। सुबह के नाश्ते में अंकुरित चना या दालें लेना लाभकारी होता है। उन्होंने बताया कि सुबह का नाश्ता जल्दी करें, दोपहर का भोजन दोपहर 12 बजे तक कर लें और रात का खाना हल्का व जल्दी खाएं। प्रोसेस्ड फूड, जंक फूड और गरिष्ठ भोजन से परहेज करना चाहिए। रात में देर से खाना भी नुकसानदायक हो सकता है। सोडा युक्त ड्रिंक्स की बजाय घर में बने प्राकृतिक पेय जैसे सत्तू, बेल का शरबत या ताजे फलों का जूस लेना ज्यादा लाभकारी होता है। इन सरल उपायों से गर्मी में सेहतमंद और ऊर्जावान बना रहना संभव है। इस तरह की दिनचर्या गर्मी में शरीर को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने में मदद करती है। एक्सपटर्स का कहना है कि इस मौसम में क्या न खाएं, यह जानना भी उतना ही जरूरी है जितना कि क्या खाएं। सुदामा/ईएमएस 15 अप्रैल 2025