रांची(ईएमएस)।चाईबासा में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे हैं अभियान के दौरान आईईडी ब्लास्ट में शहीद हुए झारखंड जगुआर के जवान सुनील धान को रविवार को अंतिम विदाई दी गई। रांची के रातु स्थित टेंडर ग्राम जगुआर कैंप में शहीद जवान सुनील धान को नम आंखों से विदाई दी गई। मौके पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत राज्य के आला अधिकारियों ने शहिद को अंतिम सलामी दी। मौके पर सुनील धान के परिजन भी मौजूद थे। श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने परिजनों से बात की और उन्हें ढाढस बंधाया। बाद में पत्रकारों से बातचीत में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इस घटना को बेहद ही दुखद बताया। राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश की सरकार शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी जिम्मेवारी बखूबी निभाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो इस दिशा में सक्रियता से कदम उठाए जा रहे हैं।मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी शहीद जवान की शहादत को नमन किया। उन्होंने कहा कि परिजनों के साथ हर पल राज्य की सरकार खड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे हैं अभियान को अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। कर्मवीर सिंह/13अप्रैल/25