नई दिल्ली (ईएमएस)। हेल्थ विशेषज्ञों की माने तो सुबह सही चीज का सेवन किया जाए तो दिनभर शरीर में ऊर्जा बनी रहती है और कई स्वास्थ्य समस्याओं से राहत मिलती है। शरीर को फिट और ऊर्जावान बनाए रखने के लिए लोग तरह-तरह के उपाय अपनाते हैं। इन्हीं में से एक है सेब का सिरका, जिसे एप्पल साइडर विनेगर भी कहा जाता है। यदि इसे रोजाना एक गिलास गुनगुने पानी में 2 से 3 चम्मच मिलाकर सुबह खाली पेट पिया जाए, तो यह ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने में मदद करता है। खास बात यह है कि यह डायबिटीज के मरीजों के लिए भी बेहद फायदेमंद माना गया है। एक रिपोर्ट के अनुसार, एप्पल साइडर विनेगर का प्रयोग प्राचीन समय से घरेलू नुस्खों के रूप में किया जाता रहा है। आधुनिक शोधों में यह पाया गया है कि इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटीमाइक्रोबियल गुण प्रचुर मात्रा में होते हैं। जब इसका सेवन पानी में मिलाकर किया जाता है, तो यह शरीर के संपूर्ण स्वास्थ्य को लाभ पहुंचाता है। यह न केवल पाचन तंत्र को दुरुस्त करता है, बल्कि दिल की सेहत में भी सुधार लाता है। साथ ही यह वजन घटाने, त्वचा की समस्याओं से राहत और शरीर की डिटॉक्स प्रक्रिया में भी सहायक होता है। सेब के सिरके में मौजूद एसिटिक एसिड मेटाबोलिज्म को तेज करने में मदद करता है, जिससे शरीर अधिक कैलोरी जलाता है और मोटापा कम होने लगता है। यह भूख को भी नियंत्रित करता है, जिससे अनावश्यक खाने की आदत घटती है। इसके नियमित सेवन से गैस, अपच और कब्ज जैसी समस्याएं दूर होती हैं। यह शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में असरदार है। इसके सेवन से हृदय रोगों का खतरा कम हो सकता है। साथ ही, इसमें मौजूद एंटीबैक्टीरियल और एंटीफंगल तत्व त्वचा को भी स्वस्थ बनाए रखते हैं। यह मुंहासे, दाग-धब्बों और स्किन इंफेक्शन को कम करने में सहायक होता है। हालांकि, इसका सेवन सीमित मात्रा में और डॉक्टर की सलाह से करना चाहिए, क्योंकि अत्यधिक मात्रा में लेने पर यह नुकसान भी पहुंचा सकता है। डायबिटीज के रोगियों के लिए यह विशेष रूप से लाभकारी है क्योंकि यह ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित करता है और शरीर की इंसुलिन सेंसिटिविटी बढ़ाता है। इससे शरीर में दिनभर ऊर्जा बनी रहती है और थकान महसूस नहीं होती। यह सिरका दिल की सेहत के लिए भी रामबाण की तरह काम करता है। सुदामा/ईएमएस 11 अप्रैल 2025