संजीव मुखिया पर 3, शुभम और राजकिशोर कुमार पर 1-1 लाख पटना (ईएमएस)। बिहार में नीट और बीपीएससी पेपर लीक के मुख्य साजिशकर्ता की तलाश बिहार पुलिस ने तेज कर दी है। इसी कड़ी में तीन प्रमुख आरोपियों को पकड़ने के लिए नकद इनाम की घोषणा कर दी गई है। बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, आर्थिक अपराधों और अन्य मामलों में वांछित प्रमुख अपराधियों की गिरफ्तारी में मदद करने वालों को कुल पांच लाख रुपये तक का इनाम दिया जाएगा। जिन तीन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए नकद इनाम की घोषणा की गई है, उसमें संजीव कुमार सिंह उर्फ संजीव मुखिया, शुभम कुमार और राजकिशोर कुमार शामिल हैं। संजीव की गिरफ्तारी पर 3 लाख, जबकि शुभम और राजकिशोर कुमार की गिरफ्तारी पर 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। संजीव मुखिया, नीट (यूजी) 2024 पेपर लीक का मुख्य आरोपी है। इसके अलावा वह बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) द्वारा आयोजित शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई-3) पेपर लीक मामले में भी वांछित है। ये परीक्षा मार्च 2024 में आयोजित हुई थी। वहीं मामले की जांच कर रही सीबीई ने खुलासा किया हैं कि मुखिया का गिरोह बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान सहित कई राज्यों में सक्रिय है। मुखिया और उसके गिरोह पर इससे पहले हरियाणा में पशु चिकित्सक और अंग्रेजी शिक्षक भर्ती परीक्षा, उत्तर प्रदेश में आयोजित कई सरकारी परीक्षाओं के पेपर लीक का भी आरोप है। शुभम कुमार और राजकिशोर कुमार दो-दो मामलों में वांछित हैं और उनके खिलाफ भी आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्लयू) और थाने में केस दर्ज हैं। आशीष दुबे / 10 अप्रैल 2025