वियना (ईएमएस)। ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना में एक रोमन कालीन सामूहिक कब्रिस्तान की खोज हुई है। इस कब्र में 150 से अधिक सैनिकों के कंकाल मिलने की संभावना जताई जा रही है। वियना के पास एक फुटबॉल मैदान के रिनोवेशन के दौरान इतिहास का ऐसा अध्याय सामने आया जिसने विशेषज्ञों को भी चौंका दिया। यह जगह वियना के सिमरिंग इलाके में स्थित है, जहां निर्माण कार्य के दौरान अक्टूबर 2024 में बड़ी संख्या में मानव कंकाल मिले। पुरातत्वविदों के अनुसार ये कंकाल पहली सदी ईस्वी के हो सकते हैं और संभवतः रोमन सैनिकों के हैं। प्रारंभिक विश्लेषण में सामने आया कि इन जवानों की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच रही होगी और उनके शरीर पर भाले, तलवार, तीर और खंजर जैसे हथियारों से लगी घातक चोटों के स्पष्ट संकेत मिले हैं। वियना सैकड़ों वर्षों से एक समृद्ध शहर रहा है, लेकिन इसका इतिहास रोमन काल से भी जुड़ा हुआ है। लगभग दो हजार साल पहले रोमन सेनाएं डेन्यूब नदी के पास तक फैली थीं और विंडोबोना नाम की बस्ती में उन्होंने एक बड़ी सैन्य चौकी स्थापित की थी। इस क्षेत्र में पहले कभी इतने बड़े पैमाने पर सैनिकों की कब्र का पता नहीं चला था, इसलिए यह खोज पुरातात्विक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। रोमन साम्राज्य में चौथी सदी ईस्वी तक मृत्यु के बाद दाह संस्कार की परंपरा थी, ऐसे में दफनाने की रस्में अपवाद मानी जाती थीं। यही वजह है कि इस तरह का सामूहिक दफन स्थान मिलना विशेषज्ञों के लिए एक दुर्लभ अवसर है। वियना की प्रमुख पुरातत्वविद क्रिस्टिना एडलर-वोल्फ ने बताया कि रोमन समाज में मृत्यु के बाद सख्त धार्मिक नियमों का पालन किया जाता था और दाह संस्कार आम बात थी। ऐसे में सामूहिक दफन स्थल की मौजूदगी इस बात का संकेत हो सकती है कि इन सैनिकों की मृत्यु किसी युद्ध या हिंसक संघर्ष के दौरान हुई और शायद तत्काल स्थिति के चलते उन्हें सामूहिक रूप से दफनाना पड़ा। सुदामा/ईएमएस 10 अप्रैल 2025