ग्वालियर ( ईएमएस ) | महात्मा ज्योतिबा फुले की 198वीं जयंती पर 11 अप्रैल को शहर में चल समारोह निकाला जाएगा। समारोह का आयोजन ज्योतिबा फुले जन कल्याण समिति (फुले आर्मी) कर रही है। समिति के अध्यक्ष महेश कुशवाह और सचिव देवेंद्र कुशवाह ने बताया कि समिति का यह तीसरा आयोजन है। वर्ष 2023 में इसकी शुरूआत की गई थी। 2024 में चुनाव आचार संहिता के चलते इसे सांकेतिक रूप से मनाया था। इस बार फिर चल समारोह निकाला जा रहा है। चल समारोह के लिए सुबह 10 बजे फूलबाग मैदान में इसका शुभारंभ होगा। इसमें महात्मा ज्योतिबा फुले, सावित्री बाई फुले, सम्राट अशोक महान और तथागत भगवान गौतम बुद्ध की झांकियां शामिल रहेंगी। समिति के मुताबिक चल समारोह और पुष्पांजलि कार्यक्रम में समाज के प्रमुख लोगों के साथ ही उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, सांसद भारत सिंह कुशवाह के साथ ही पूर्व विधायक, पार्षद और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।