09-Apr-2025
...


कांग्रेस नेता को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले ये सुनिश्चित किया गांधीनगर (ईएमएस)। गुजरात के अहमदाबाद के साबरमती आश्रम में एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम की अचानक सेहत बिगड़ने से वे बेहोश हो गए थे। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती किया गया। फिलहाल, कांग्रेस नेता चिदंबरम पूरी तरह से ठीक हैं। इसकी जानकारी खुद उन्होंने सोशल मीडिया के द्वारा दी। दरअसल, अहमदाबाद में कांग्रेस नेता चिदंबरम से गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। साथ ही उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि कांग्रेस नेता को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले। जानकारी के मुताबिक, गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री का अस्पताल का दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कहने पर हुआ था। बताया जा रहा है कि जैसे ही पूर्व केंद्रीय मंत्री चिदंबरम के बीमार होने की खबर प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) तक पहुंची, प्रधानमंत्री मोदी ने तुरंत केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से बात कर बेहतर संभव उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री पटेल से संपर्क किया। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ने व्यक्तिगत रूप से अस्पताल में जाकर चिदंबरम से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी भी ली। इसके पहले मंगलवार को चिदंबरम सहित कांग्रेस के कई नेता साबरमती आश्रम में प्रार्थना सभा में शामिल हो रहे थे। तभी पूर्व केंद्रीय मंत्री अचानक बेहोश होकर गिर गए। इसके बाद कांग्रेस नेता चिदंबरम ने एक्स पर अपनी हेल्थ अपडेट की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, अत्यधिक गर्मी के कारण मुझे दिक्कत का सामना करना पड़ा। सभी रिपोर्ट सामान्य हैं। मैं अब पूरी तरह से स्वस्थ हूं। आप सभी का धन्यवाद। इसके पहले कार्ति चिदंबरम ने बताया था कि उनके पिता ठीक हैं और डॉक्टर उनकी देखभाल कर रहे हैं। कार्ति ने बताया, मेरे पिता चिदंबरम अहमदाबाद में अत्यधिक गर्मी और पानी की कमी की वजह से बेहोश हो गए थे। वे अभी अस्पताल में भर्ती हैं और डॉक्टर उनकी जांच कर रहे हैं। उनकी हालत अभी सामान्य है। आशीष दुबे / 09 अप्रैल 2025