अहमदाबाद (ईएमएस)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में आए पूर्व केन्द्रीय वित्त मंत्री पी चिदंबरम की अचानक तबियत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। जिसके बाद उन्हें अहमदाबाद के ज़ाइडस अस्पताल ले जाया गया। यह घटना तब हुई जब साबरमती आश्रम में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था। कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान आज सत्र के पहले दिन शाम को साबरमती आश्रम में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इसमें कांग्रेस के सभी शीर्ष नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। आश्रम में प्रार्थना सभा के दौरान पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी चिदम्बरम की तबीयत खराब हो गई। इसलिए उन्हें नियमित जांच के लिए एम्बुलेंस में ले जाया गया है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक अब उन्हें कोई समस्या नहीं है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनका रक्तचाप कम हो गया था। बता दें कि साबरमती आश्रम में प्रार्थना सभा समाप्त होने के बाद राहुल गांधी, सोनिया गांधी और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे वहां से चले गए। इससे पहले आज अहमदाबाद के सरदार स्मारक में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हुई। जिसमें सरदार पटेल पर एक प्रस्ताव पारित किया गया। कांग्रेस का मुख्य अधिवेशन कल आयोजित होने वाला है, जिसमें देश भर से कांग्रेस प्रतिनिधि भाग लेंगे।