- मेकअप के ज़रिए अपने लुक्स को पूरी तरह बदल लेते हैं आर्टिस्ट हिमेनी टोक्यो (ईएमएस)। सोशल मीडिया पर एक बेहद आकर्षक और खूबसूरत लड़की की तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिसे देखकर हर कोई उसकी सुंदरता का दीवाना हो जाता है। लेकिन असलियत जानने के बाद लोग तत्काल उससे ‘ब्रेकअप’ तक कर लेते हैं। दरअसल, यह कोई लड़की नहीं बल्कि जापान के मशहूर कॉसप्ले आर्टिस्ट हिमेनी हैं, जो मेकअप और स्टाइलिंग की मदद से खुद को एक खूबसूरत महिला के रूप में पेश करते हैं। उनकी तस्वीरें इतनी असली लगती हैं कि सोशल मीडिया पर लोग धोखा खा जाते हैं। कई लोग तो उन्हें डेट करने तक की सोचने लगते हैं, लेकिन जैसे ही हिमेनी अपनी भारी मर्दाना आवाज़ में बात करते हैं, उनका जादू टूट जाता है। हिमेनी जापान के एक मशहूर कॉसप्ले कलाकार हैं, जो लड़कियों के कपड़े पहनकर और मेकअप के ज़रिए अपने लुक्स को पूरी तरह बदल लेते हैं। उनकी तस्वीरें इतनी वास्तविक लगती हैं कि लोग उन्हें एक खूबसूरत महिला समझ बैठते हैं। लेकिन मज़ा तब आता है जब वह किसी वीडियो में अचानक अपनी असली आवाज़ में बोलते हैं, जिससे देखने वाले चौंक जाते हैं। एक इंटरव्यू में हिमेनी ने बताया कि उन्हें हमेशा से लड़कियों के कपड़े पहनने का शौक था, लेकिन उनके माता-पिता उन्हें पारंपरिक रूप से मर्द बनाना चाहते थे। इस दबाव के कारण उन्होंने बचपन से ही लड़कियों की तरह कपड़े पहनने की ठानी। हाई स्कूल में पार्ट-टाइम जॉब करने के बाद उन्होंने अपने पैसों से खुद के लिए लड़कियों के कपड़े खरीदने शुरू कर दिए। हिमेनी का मानना है कि लड़कियों के कपड़े पहनना कोई शर्म की बात नहीं है, बल्कि यह सबसे बड़ा मर्दाना खेल है, जिसे केवल असली मर्द ही खेल सकते हैं। हालांकि, वह खुद को पुरुष मानते हैं और उनकी एक गर्लफ्रेंड भी है, लेकिन उन्हें लड़कियों के कपड़ों में ज्यादा आत्मविश्वास और सुकून महसूस होता है। हिमेनी अकेले नहीं हैं, जो लड़कियों की तरह सजने-संवरने का शौक रखते हैं। जापान में कॉसप्ले की एक बड़ी कम्युनिटी है, जिसमें कई पुरुष लड़की का रूप धारण करते हैं। लेकिन हिमेनी अपनी अनोखी शैली और खूबसूरत लुक्स के चलते इस कम्युनिटी के सबसे चमकते सितारे बन गए हैं। सुदामा/ईएमएस 08 अप्रैल 2025