ट्रेंडिंग
07-Apr-2025
...


लिस्बन,(ईएमएस)। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु रविवार रात पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन पहुंचीं, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। यह यात्रा कई मायनों में ऐतिहासिक है, खासतौर पर वर्ष 1998 के बाद किसी भारतीय राष्ट्रपति की यह पहली पुर्तगाल यात्रा है। साथ ही यह द्रौपदी मुर्मु की पहली यूरोपीय राजकीय यात्रा भी है। लिस्बन एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति मुर्मु का स्वागत पुर्तगाल सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्य ने गर्मजोशी से किया। इस यात्रा का आयोजन पुर्तगाल के राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूज़ा के निमंत्रण पर किया गया है। यह दौरा न केवल भारत-पुर्तगाल के बीच गहराते संबंधों का प्रतीक है, बल्कि अर्थव्यवस्था, शिक्षा, विज्ञान और संस्कृति जैसे कई क्षेत्रों में साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में भी अहम कदम माना जा रहा है। राष्ट्रपति मुर्मू 7 से 10 अप्रैल तक राजकीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरे के तहत 7 और 8 अप्रैल को राष्ट्रपति मुर्मू पुर्तगाल में रहेंगी, जबकि 9-10 अप्रैल को वे स्लोवाकिया का दौरा करेंगी। गौरतलब है कि करीब 27 वर्षों में पहली बार कोई भारतीय राष्ट्रपति स्लोवाकिया का दौरा कर रही हैं। यह यात्रा स्लोवाकिया के नए राष्ट्रपति पीटर पेल्लेग्रिनी के आमंत्रण पर हो रही है। यहां बताते चलें कि इससे पहले पिछली बार 1998 में राष्ट्रपति केआर नारायणन ने पुर्तगाल की राजकीय यात्रा की थी। हिदायत/ईएमएस 07अप्रैल25