रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ की राजनीति में सोशल मीडिया एक बार फिर रणभूमि बन चुका है। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए तीखे व्यंग्यबाण चलाए हैं। भाजपा के आईटी सेल द्वारा जारी कार्टून पोस्टरों की नई सीरीज़ कांग्रेस के लिए गले की फांस बनती जा रही है। ताजा हमले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की जिला अध्यक्षों से मुलाकात को लेकर एक विवादित कार्टून वायरल हुआ है। इसमें राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को संवाद करते दिखाया गया है, जबकि छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज पीछे खड़े हैं। कार्टून में दीपक बैज के हवाले से तंज कसा गया है घोड़ा पीछे खड़ा है, राहुल जी गधों से बात कर रहे हैं। भाजपा ने इसी के साथ एक शायराना तीर भी छोड़ा पुराने रिश्तों से किनारा, अब नए का लेंगे सहारा। जनता समझ चुकी है इनका प्रपंच, कांग्रेस के लिए छत्तीसगढ़ के दरवाजे हो चुके हैं बंद। भाजपा ने एक और पोस्टर में वक्फ संपत्ति कानून में हुए बदलाव को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। पार्टी का दावा है कि 2013 के कानून में महिलाओं को वक्फ संपत्तियों पर कोई अधिकार नहीं दिया गया था, जबकि मोदी सरकार द्वारा किए गए संशोधन में यह अधिकार सुनिश्चित किया गया है। भाजपा इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बता रही है और तंज कस रही है कि जिसे कांग्रेस नहीं कर पाई, वो भाजपा ने कर दिखाया। सत्यप्रकाश(ईएमएस)07 अप्रैल 2025