राज्य
06-Apr-2025
...


-शहर में कई स्थानों पर निकाली गई राम रथयात्रा भोपाल (ईएमएस)। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव शहरभर में धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर शहर के राम मंदिरों में अनेक कार्यक्रम किए गए। राम नवमी पर भजन राम मंदिर गुरुबख्श की तलैया पर भक्तों ने भगवान राम का जयघोष किया। उधर, शहर के अन्य मंदिरों में सुबह से भगवान श्रीराम का पंचामृत से अभिषेक कर, विशेष पूजा अर्चना की गई। बिड़ला मंदिर, बांके बिहारी मंदिर तलैया, गायत्री शक्तिपीठ, राममंदिर टीटी नगर, राम जानकी मंदिर कोटरा चित्रगुप्त नगर में दोपहर 12 बजे से शहर रामलला के जयकारों और भए प्रकट कृपाला, दीनदयाला के स्वरलहरियों से गूंज उठा। रामनवमी पर श्रीराम जन्मोत्सव का उत्साह शहर में सुबह से ही दिखाई दे रहा था। इस बार का पर्व रवि पुष्य नक्षत्र के संयोग से और भी विशेष था। शहर के प्रमुख श्री राम मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मंदिरों में भगवान का पूजन-अभिषेक कर मनोहारी श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसरों को पुष्प सज्जा और विद्युत रोशनी से सजाया गया। भगवान राम के भजनों की मधुर ध्वनि चारों ओर गूंज रही थी। रामनवमी पर कई स्थानों पर राम रथयात्रा भी निकाली गई। इसमें आकर्षक अयोध्या राम मंदिर की प्रतिकृति और हनुमान जी की झांकियों के साथ रामलला रथ पर सवार होकर भक्तों को दर्शन देने तथा उनके हालचाल जानने निकले। यात्रा में अश्व ध्वज वाहक तथा सैकड़ों युवा भगवा ध्वज लेकर चले।