काबुल (ईएमएस)। दो महीने के एक बच्चे के पेट में सूजन देख उसके माता-पिता उसे डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर द्वारा बच्चे की जब जांच की गई तो जो सच्चाई सामने आई, तो सभी हैरान रह गए। दरअसल बच्चे के पेट में एक और अधूरे रूप से विकसित भ्रूण मौजूद था। शुरुआत में डॉक्टरों ने इसे विलम्स ट्यूमर समझकर इलाज शुरू किया, जो किडनी की बीमारी से जुड़ी एक समस्या होती है। लेकिन सीटी स्कैन करने के बाद असलियत पता चली। डॉक्टरों को बच्चे के पेट में सॉफ्ट टिशू, फैट और हड्डियां दिखीं। यहां तक कि रीढ़ की हड्डी और चेहरे की संरचना भी बनी हुई थी। गहन जांच के बाद डॉक्टरों ने पाया कि यह भ्रूण उसी बच्चे का जुड़वा भाई था, जो गर्भ के दौरान सही तरीके से विकसित नहीं हो पाया था। मेडिकल भाषा में इसे ‘फीटस इन फिटु’ कहा जाता है। यह एक दुर्लभ स्थिति होती है, जिसमें एक भ्रूण दूसरे भ्रूण के अंदर ही विकसित होने लगता है। दुनियाभर में अब तक ऐसे 200 से भी कम मामले सामने आए हैं। डॉक्टरों ने तुरंत सर्जरी करने का फैसला लिया और बच्चे को एनेस्थीसिया देकर ऑपरेशन किया गया। इस दौरान डॉक्टरों को भ्रूण की रीढ़ की हड्डी, चेहरे की हड्डियां, हाथ-पैर और यहां तक कि सिर पर बाल भी विकसित अवस्था में मिले। विशेषज्ञों के अनुसार, यह स्थिति तब उत्पन्न होती है जब गर्भ में दो भ्रूण विकसित हो रहे होते हैं, लेकिन किसी कारणवश एक भ्रूण पूरी तरह विकसित नहीं हो पाता और दूसरे भ्रूण के अंदर समा जाता है। जब बच्चा जन्म लेता है, तो यह अधूरे रूप से विकसित भ्रूण उसके शरीर के अंदर ही रह जाता है। सर्जरी के बाद बच्चा अब पूरी तरह स्वस्थ है और सामान्य जीवन व्यतीत कर रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि यह दुर्लभ जरूर है, लेकिन समय पर सही इलाज मिलने से बच्चे को किसी भी जटिलता का सामना नहीं करना पड़ा। सुदामा/ईएमएस 06 अप्रैल 2025