नई दिल्ली (ईएमएस)। क्या आपने कभी सोचा है कि गर्मी के मौसम में तात्कालिक राहत देने वाले विकल्प शरीर पर किस तरह का असर डालते हैं? अत्यधिक ठंडे पेय पदार्थ शरीर के आंतरिक तापमान को असंतुलित कर सकते हैं और पाचन क्रिया पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं। इसीलिए, प्राकृतिक रूप से ठंडक देने वाले पेय अधिक फायदेमंद होते हैं। डायटिशियन बताते हैं कि गर्मी के मौसम में ऐसे पेय पदार्थों का सेवन करना चाहिए, जो प्राकृतिक रूप से ठंडे हों। जब हम बहुत ठंडा पानी या अन्य कृत्रिम रूप से ठंडा किया गया पेय पीते हैं, तो शरीर को इसे संतुलित करने में अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है। यही वजह है कि अत्यधिक ठंडी या गर्म चीजें पाचन तंत्र को प्रभावित करती हैं और शरीर को असंतुलन की स्थिति में डाल सकती हैं। गर्मी में सबसे जरूरी चीज शरीर के तापमान को नियंत्रित रखना है, जिसके लिए प्राकृतिक पेय ही सबसे अच्छा उपाय होते हैं। बाजार में उपलब्ध रासायनिक शीतल पेय की बजाय बेल का शरबत, नींबू पानी, सौंफ और मिश्री का पानी, खसखस का ठंडा पेय और आम पना जैसे पेय न केवल स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि शरीर को भी पोषण प्रदान करते हैं। लेकिन इन सभी में सबसे प्रभावी और स्वास्थ्यवर्धक पेय नारियल पानी माना जाता है। यह शरीर के लिए संपूर्ण हाइड्रेशन प्रदान करता है और इलेक्ट्रोलाइट्स से भरपूर होता है, जो शरीर को ऊर्जा देने के साथ ही गर्मी से बचाने में भी मदद करता है। विशेषज्ञों के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति अत्यधिक गर्मी के कारण थकान या हीट स्ट्रोक का शिकार हो जाए, तो तुरंत उसे नारियल पानी पिलाना चाहिए। यह न केवल शरीर को ठंडक पहुंचाता है, बल्कि ताजगी और स्फूर्ति भी देता है। सुबह खाली पेट नारियल पानी पीना सबसे अधिक लाभदायक माना जाता है, क्योंकि इससे शरीर को आवश्यक पोषक तत्व मिलते हैं और पाचन क्रिया बेहतर होती है। सुदामा/ईएमएस 05 अप्रैल 2025
processing please wait...