अंतर्राष्ट्रीय
04-Apr-2025


भारत के मेक इन इंडिया कार्यक्रम की तारीफ की मॉस्को (ईएमएस)। अमेरिका के टैरिफ हमले के बीच भारत को सदाबहर दोस्त रूस का साथ मिल गया है। रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने भारत को निवेश के लिए सबसे अच्छा देश बताया है। पुतिन की टिप्पणी तब आई है, जब 2 अप्रैल को अमेरिकी राष्ट्रपति ने रेसिप्रोकल टैरिफ का ऐलान किया है, इसमें भारत भी शामिल है। ट्रंप ने भारत के खिलाफ 27 प्रतिशत टैरिफ लगाया है। इसके पहले ट्रंप ने भारत को व्यापार के लिए बहुत कठिन जगह कहा था। ट्रंप के हमले के बीच पुतिन ने भारत के मेक इन इंडिया कार्यक्रम की तारीफ की है। रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में घरेलू उत्पादन नीति की लागू की जा रही है। उनकी पहल मेक इन इंडिया के बारे में सभी को पता हैं। राष्ट्रपति पुतिन ने बताया कि रूस भारत में अपनी तरफ से उत्पादन करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था में कम से कम हाल ही में सबसे बड़ा 20 अरब डॉलर का निवेश हमारी कंपनी रोसनेफ्ट ने किया है। पुतिन ने कहा, हम भारत में निवेश को स्थिर और अत्यधिक लाभदायक मानते हैं। पुतिन का बयान तब में आया है, जब ट्रंप के टैरिफ हमले में भारत को टारगेट किया गया है। ट्रंप ने भारतीय प्रधानमंत्री को अपना दोस्त बताया लेकिन कहा कि व्यापार के मामले में भारत अमेरिका के साथ सही नहीं कर रहा है। अमेरिका ने भारत से आयातित सभी वस्तुओं पर 27 प्रतिशत का भारी शुल्क लगा दिया है। भारत सरकार ने शुल्क पर सतर्क प्रतिक्रिया देकर कहा है कि वह घोषणाओं के ‘प्रभावों की सावधानीपूर्वक जांच कर रही है’ तथा अमेरिकी व्यापार नीति में फैसले के कारण उत्पन्न होने वाले अवसरों का भी अध्ययन करेगी। ट्रंप ने सभी व्यापारिक साझेदारों से आयात पर 10 प्रतिशत से लेकर 50 प्रतिशत तक अतिरिक्त मूल्यानुसार शुल्क लगाने की घोषणा की। भारत पर 10 प्रतिशत का मूल शुल्क पांच अप्रैल से और 27 प्रतिशत शुल्क नौ अप्रैल से प्रभावी होगा। हालांकि, कदम से अमेरिका को भारत की कुछ वस्तुओं के निर्यात पर असर पड़ सकता है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि भारत अपने प्रतिद्वंद्वियों की तुलना में बेहतर स्थिति में है। इसमें बांग्लादेश (37 प्रतिशत), चीन (54 प्रतिशत), वियतनाम (46 प्रतिशत) और थाइलैंड (36 प्रतिशत) शामिल हैं, जिन्हें बढ़े हुए शुल्क का सामना करना पड़ रहा है। आशीष दुबे / 04 अप्रैल 2025