राष्ट्रीय
04-Apr-2025


नई दिल्ली (ईएमएस)। कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत मनमोहन सिंह के नाम पर शुक्रवार को फेलो प्रोग्राम की शुरुआत की। इसके तहत देश भर से 50 पेशेवरों का चयन होगा और उन्हें पार्टी के भीतर प्रमुख नेताओं के द्वारा प्रशिक्षित करने के बाद उन्हें पार्टी से जुड़े कार्यों में लगाया जाएगा। पार्टी के विभाग ‘ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस’ ने कार्यक्रम घोषणा की। विभाग के अध्यक्ष प्रवीण चक्रवर्ती ने बताया ‘‘डॉ. सिंह फेलो प्रोग्राम हर साल देश भर से 50 पेशेवरों की पहचान कर उनका चयन करेगा। ये वे पेशेवर हैं, जो अपने करियर के मध्य स्तर में हैं और जिन्होंने पेशेवर दुनिया में करीब दस साल बिताए हैं।’’ उन्होंने बताया, इन 50 लोगों को पार्टी के एक प्रतिष्ठित पैनल द्वारा बहुत गहन चयन प्रक्रिया के माध्यम से चुना जाएगा। एक बार चुने जाने के बाद, उन्हें कांग्रेस पार्टी के उन वरिष्ठ नेताओं द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा जो स्वयं पेशेवर पृष्ठभूमि से आए हैं। उन्होंने बताया कि ‘‘यह एक प्रवेश-स्तर का इंटर्नशिप कार्यक्रम नहीं है, न ही इसके अंत में केवल एक प्रमाणपत्र के साथ यह समयबद्ध है। यह सार्वजनिक सेवा के गंभीर इरादे वाले लोगों के लिए एक गंभीर कार्यक्रम है। पूर्व पीएम सिंह का पिछले साल 26 दिसंबर को निधन हो गया था। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा, पार्टी के झारखंड के प्रभारी तथा अनुसूचित जाति, जनजाति, अल्पसंख्या विभाग के प्रमुख के राजू तथा प्रोफेशनल कांग्रेस के चेयरमैन चक्रवर्ती ने कहा कि डॉ. सिंह के नाम पर ‘फेलो कार्यक्रम’ शुरू किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत हर साल राजनीति में आने के इच्छुक उन 50 मिड करियर प्रोफेशनल्स को शामिल किया जाएगा जो समर्पित होकर राजनीति में आकर समाज की बेहतरी के लिए अपने ज्ञान का योगदान देना चाहते हैं। आशीष दुबे / 04 अप्रैल 2025