रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ में जीएसटी कलेक्शन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी को लेकर भाजपा सरकार की पीठ थपथपाने पर कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी की अगुवाई में सरकार कर वसूली के नाम पर जनता और व्यापारियों पर ‘अत्याचार’ कर रही है। दीपक बैज ने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई की मार झेल रही जनता की क्रय शक्ति घटी है, बावजूद इसके जीएसटी संग्रहण में 18 प्रतिशत की वृद्धि यह दर्शाती है कि सरकार बेरहमी से कर वसूली कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अंग्रेजों से भी ज्यादा कठोर कर नीति अपना रही है दैनिक उपयोग की वस्तुएं महंगी करो, टैक्स बढ़ाओ और जनता की जेब काटो। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि व्यापारी वर्ग लगातार प्रशासनिक दबाव, छापेमारी और फाइन के जरिए भयादोहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा वित्त मंत्री बनने के बाद ओपी चौधरी ने व्यापारियों के बीच आतंक का माहौल बना दिया है। टैक्स, ब्याज और पेनाल्टी की जबरिया वसूली से छोटे व्यापारी सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। दीपक बैज ने साय सरकार पर आरोप लगाया कि गलत औद्योगिक नीतियों के चलते प्रदेश में न तो नए उद्योग लग पा रहे हैं और न ही पुराने उद्योग टिक पा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि स्पंज आयरन, रोलिंग मिल, राइस मिल जैसे उद्योग बिजली दरों में चार गुना वृद्धि की वजह से बंद हो रहे हैं और लोगों की नौकरियां जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जीएसटी वृद्धि को उपलब्धि बताकर जश्न मना रही है, जबकि हकीकत यह है कि यह वृद्धि जनता और व्यापारियों से जबरदस्ती टैक्स वसूलने का परिणाम है। कांग्रेस ने मांग की है कि भाजपा सरकार व्यापारियों से माफी मांगे और कर नीति को जनहितैषी बनाए। सत्यप्रकाश(ईएमएस)04 अप्रैल 2025