राष्ट्रीय
31-Mar-2025


जमशेदपुर(ईएमएस)। माफिया मुख्तार अंसारी का खास शूटर अनुज कन्नौजिया शनिवार रात पौने बारह बजे मुठभेड़ में ढेर हो गया। कन्नौजिया के शव का पोस्टमार्टम रविवार को मेडिकल बोर्ड की निगरानी में किया गया। उसके शरीर से छह पिलेट निकले हैं। घाव को देखकर लग रहा है, जैसे दूर से मारा गया हो। उसकी पसली, दाहिने कंधे और केहुनी में गोली लगी है। पोस्टमार्टम की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई गई, जिसे मानवाधिकार आयोग को भेजा जाएगा। परसूडीह के बारीगोड़ा में रहने वाली उसकी बहन शोभा देवी पोस्टमार्टम हाउस और घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस से शव लेकर मऊ रवाना हो गई। शव भेजने का इंतजाम पुलिस ने किया। इधर, पुलिस ने अनुज के चालक राहुल को गिरफ्तार किया है। चालक के पास से पुलिस ने पासबुक और एटीएम कार्ड बरामद किया गया है। पासबुक जमशेदपुर के ही बैंक का है। उसके मोबाइल फोन को भी पुलिस ने जब्त किया है, जिसमें जमशेदपुर यूपी के कई लोगों के नम्बर हैं। पुलिस इसकी छानबीन कर रही है। उसके जरिए ही लोग मिलने आते थे। रविवार तड़के पांच बजे फोरेंसिक टीम ने भी जांच की। पुलिस को ऐसे कागजात मिले हैं, जिसमें अनुज के जमशेदपुर में कारोबार विस्तार संबंधी जानकारी है।पुलिस टीम ने अनुज के घर में मौजूद दो बमों को निष्क्रिय किया। ये बम मुठभेड़ के दौरान अनुज ने पुलिस पर फेंके थे, जो फटे नहीं थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह घर चार साल पहले बना था और कुछ महीनों से इसमें अज्ञात लोगों की आवाजाही बढ़ गई थी। यहां अक्सर तेज आवाज में गाने बजते थे और देर रात तक पार्टियां होती थीं। आसपास के लोग परेशान थे, लेकिन किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि यहां कोई कुख्यात अपराधी रह रहा था। वीरेंद्र/ईएमएस/31मार्च2025