वेस्ट वर्जीनिया (ईएमएस)। बच्चे भगवान का दिया नायाब तोहफा होते हैं। कई कपल जब खुद मां-बाप नहीं बन पाते, तब वे बच्चे गोद लेते हैं। इन कपल की लोग काफी तारीफ करते हैं, क्योंकि इस कदम से अनाथ बच्चों को भी घर मिल जाता है। वेस्ट वर्जीनिया में रहने वाला एक कपल अपने जान-पहचान वालों के बीच काफी मशहूर था। इस कपल ने पांच बेसहारा बच्चों को गोद लिया था। हालांकि, ये गोरा कपल हमेशा काले बच्चे ही गोद लेता था। लेकिन राज खुलने पर सब हैरान हो गए। 63 साल की व्हाइटफेदर और उसके पति 64 साल के डोनाल्ड लैट्ज़ को सर्किट कोर्ट की जज ने कुल 375 साल जेल की सजा सुनाई है। सुनवाई के दौरान जज ने कहा कि शायद ईश्वर तुम्हारे ऊपर रहम करे, क्योंकि कोर्ट ऐसा नहीं कर सकता। इस कपल पर पांच बच्चों को गोद लेने के बाद उनका शोषण करने का आरोप लगाया गया था। कपल सिर्फ काले बच्चे गोद लेकर बाद उन्हें गुलाम बनाकर घर के सारे काम करवाता था। कपल ने इन पांच बच्चों को अनाथालय से गोद लिया था। दोनों पहले मिन्नेसोटा में रहते थे। उसके बाद बच्चों के साथ वाशिंगटन और फिर वेस्ट वर्जीनिया आए थे। 2023 में पुलिस वेलफेयर चेकिंग के लिए कपल के घर गई, तब वहां की स्थिति देख घबरा गई। बच्चों को एक पिंजरा नुमा कमरे में बंद रखा गया था। टॉयलेट के लिए वहां सिर्फ एक बाल्टी रखी गई थी। बच्चे सीमेंट की फ्लोर पर सोते थे और उन्हें कई-कई घंटे वहां बंद रखा जाता था। जांच में पता चला कि कपल को काले लोगों से चिढ़ थी। इस कारण वे काले बच्चे ही गोद लेते थे। इसके बाद उन्हें गुलाम बनाकर रखते थे। लेकिन बदले में उन्हें ठीक से खाने को भी नहीं दिया जाता था। आशीष/ईएमएस 30 मार्च 2025