जबलपुर, (ईएमएस)। सूरज अपना रंग दिखाने आमादा है। दिन में एकाएक गर्मी का अहसास बढ़ने लगा है। धूप में तीखापन महसूस रहा है। हवा की दिशा भी उत्तर पश्चिमी हो गई है जिससे वातावरण में गर्मी बढ़ गई है। लगातार धूप के संपर्क में रहने पर पसीना भी छूटने लगा है। शनिवार को भी मौसम का मिजाज सुर्ख रहा। तापमान में भले ही आंशिक गिरावट हो लेकिन दिन और रात दोनों गर्म होने लगे| अप्रैल माह के शुरुआती दौर में ही तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अभी कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है जिसके असर से मौसम में बदलाव आए। आसमान पूरी तरह से साफ है और आने वाले दो दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री तक का उछाल आ सकता है। हालांकि रात में हल्की ठंड को अहसास बना रहेगा। पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 1 डिग्री कम और न्यूनतम तापमान 17.04 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 2 डिग्री कम दर्ज किया गया। हवा में नमी प्रातःकाल 26 प्रतिशत और सायंकाल 18 प्रतिशत आंकी गई। उत्तरी हवाओं की रफ्तार 5 से 6 किमी प्रति घंटे की रही। सूर्योदय सुबह 06.04 बजे हुआ, जबकि सूर्यास्त 06.25 बजे हुआ। प्रदेश में सबसे कम 11.04 डिग्री तापमान राजगढ़ जिले में वहीं सर्वाधिक तापमान 40.07 नर्मदापुरम में दर्ज किया गया। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान 40.04 और न्यूनतम तापमान 23.03 डिग्री दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों के दौरान संभाग के जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सुनील साहू / मोनिका / 29 मार्च 2025/ 06.43 v