नई दिल्ली (ईएमएस)। सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज ईशान किशन आईपीएल के दूसरे ही मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खाता खोले बिना ही पेवेलियन लौट गये। इस मैच में ईशान के आउट होते ही टीम की मालकिन काव्या मारन मायूस नजर आयीं। काव्या को पहले मैच की तरह इस मैच में भी ईशान से आक्रामक पारी की उम्मीद थी पर वह शार्दुल ठाकुर का शिकार बन गये। काव्या दूसरे मैच में भी अपनी टीम का हौंसला बढ़ाने के लिए दर्शकों के बीच बैठीं थी। शार्दुल ने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर सलामी बल्लेबातज अभिषेक शर्मा को आउट किया। इसके बाद दूसरी गेंद पर ईशान किशन को शिकार बनाया। ईशान ने पहले मैच में शतक लगाया था। ईशान किशन को 2024 में मेगा नीलामी से पहले मुंबई इंडियंस ने रिलीज़ कर दिया था। राजस्थान के खिलाफ ईशान ने 107 रन बनाए थे जो आईपीएल में उनका पहला शतक था। ईशान ने साल 2016 में गुजरात लायंस के लिए अपना आईपीएल डेब्यू किया था, जिसके बाद 2018 में मुंबई ने उन्हें 6.20 करोड़ में खरीदा था। गिरजा/ईएमएस 28 मार्च 2025